Uttar Pradesh : हापुड़ में शिक्षक का अपहरण कर नशीला पदार्थ सुंघाकर पीटा, 10 हजार लूटकर जंगल में फेंकने का आरोप

Hapur : हापुड़ में एक शिक्षक का अपहरण कर उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेरहमी से पीटने और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने शिक्षक को गांव दस्तोई से जोगीपुरा जाने वाले रास्ते पर जंगल में फेंक दिया। गंभीर हालत में उसे गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के चाचा ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित ओमपाल दिल्ली के एक निजी कॉलेज में शिक्षक हैं और साथ ही आर्टिस्ट भी हैं। बृहस्पतिवार रात वह मेरठ रोड स्थित साईलो द्वितीय चौकी के पास एटीएम से 10 हजार रुपए निकालने गए थे। रुपये निकालकर घर लौटते समय कुछ दूरी पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघा दिया और उनका अपहरण कर लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने ओमपाल के साथ मारपीट की, उनकी जेब से 10 हजार रुपये लूट लिए और उन्हें जंगल में फेंककर फरार हो गए।

नगर कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार मोहल्ला आदर्शनगर कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें सूचना मिली कि उनके भतीजे ओमपाल को कुछ युवकों ने बेरहमी से पीटकर दस्तोई जोगीपुरा मार्ग पर जंगल में फेंक दिया है। परिजन और मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे जहां ओमपाल नशे की हालत में और गंभीर रूप से घायल मिले।

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि उन्हें तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में सत्यता पाए जाने पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img