Uttar Pradesh : हापुड़ में एनएच-9 पर भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर पार कर टकराईं दो कारें

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी कार से जा भिड़ी। इस टक्कर में दोनों कारों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना एनएच-09 पर एक होटल के सामने की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार दिल्ली के मोहल्ला मेघवाला निवासी वसीम अपनी वैगनार कार से मुरादाबाद की ओर जा रहे थे, जबकि कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के माता मोहल्ला निवासी मुकेश अपनी कार से हापुड़ से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान वसीम की कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद उसे पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां सामने से आ रही मुकेश की कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों कारों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया और एक तरफ का यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी प्रभारी प्रदीप पचौरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात को सामान्य किया जा सका।

सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img