उत्तर प्रदेश, गाजियाबाद: पुलिस ने चार दिनों में दबोचे दो हजार से अधिक बदमाश

अमर सैनी

उत्तर प्रदेश, गाजियाबाद। पुलिस सार्वजनि‌क स्थानों पर शराब पीने वालों के पीछे पड़ी है, लेकिन शराबी भी मानने के लिए तैयार नहीं दिखते। चार दिन से पुलिस रोजाना अभियान चला रही है और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर दूसरों के लिए परेशानी का सबब बनते लोगों को हवालात पहुंचा रही है, लेकिन स्थिति यह है कि रोजाना ऐसे शराबियों की संख्या बढ रही है। चार दिन के दौरान गाजियाबाद पुलिस ने कुल 2033 लोगों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़े जाने पर कार्रवाई की है। 1

4 जनवरी को गाजियाबाद पुलिस ने शाम सात से नौ बजे तक चलाए अभियान में कुल 456 लोगों के खिलाफ 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की। 15 जनवरी को 515, 16 जनवरी को 516 और 17 जनवरी को पुलिस ने 546 लोगों को सार्वजनिक स्थानों से शराब पीते पकड़ा। अब बड़ा सवाल यह है कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद भी सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों की संख्या कम क्यों नहीं हो रही। समझना मुश्किल है कि पुलिस की सक्रियता बढ़ रही है या फिर शराबियों की। पुलिस कमिश्नर अजय मिश्र का कहना है कि पुलिस इस तरह की ड्राइव चलाती रह‌ेगी, लोगों को अपनी हरकतों से बाज आना होगा।

पुलिस को दौड़ाने में सिटी जोन सबसे आगे
शुक्रवार शाम सात से नौ बजे के बीच चलाए गए विशेष अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पकड़े गए 546 लोगों में सबसे ज्यादा 248 बेवड़े सिटी जोन में पकड़ गए। डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि सभी को हिरासत में लेकर हवालात पहुंचाया गया और मेडिकल परीक्षण कराते हुए 34 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालान किया गया। सिटी जोन में सबसे अ‌धिक नंदग्राम थानाक्षेत्र में 64, नगर कोतवाली में 24, विजयनगर में 52, सिहानीगेट में 35, कविनगर में 20 और मधुबन बापूधाम क्षेत्र में 53 लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़े गए।

टीएचए में पकड़े गए 107
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि शुक्रवार देर शाम चलाए गए पुलिस के विशेष अभियान में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते कुल 107 लोग पकड़े गए। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने 15, कौशांबी थाना पुलिस ने 19, खोड़ा थाना पुलिस ने नौ, साहिबाबाद थाना पुलिस ने 16, लिंक रोड थाना पुलिस ने 26, शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने पांच और टीला मोड़ थाना पुलिस ने 17 लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाया।

देहात जोन में 191 दबोचे
डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि शुक्रवार शाम अभियान के दौरान देहात जोन में कुल 191 लोग सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़े गए। उन्होंने बताया कि लोनी थानाक्षेत्र से 22, ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र से नौ, अंकुर विहार से 15, लोनी बार्डर से 30, मसूरी से 14, मुरादनगर से 30, मोदीनगर से 21, निवाड़ी से तीन, भोजपुर से 14, वेव सिटी से आठ और क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र से कुल 25 लोगों को सार्वजनिक स्थान से शराब पीते पकड़ा गया है।

Read More: Delhi Elections: शाहदरा से बीजेपी प्रत्याशी संजय गोयल ने किया नामांकन, भारी बहुमत का दावा

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img