उत्तर प्रदेश, गाजियाबाद: नूर आलम को गोली मारी, मासूम से दुष्कर्म के बाद कर दी थी हत्या

अजीत कुमार

उत्तर प्रदेश, गाजियाबाद। लिंक रोड थाना पुलिस ने पांच साल की मासूम के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार नूर आलम उर्फ राजू पुत्र मोहम्मद को मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि नूर आलम को दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त ने 15-16 जनवरी की रात में पांच साल की मासूम का अपहरण करने के बाद दुष्कर्म और फिर हत्या कर देने का जुर्म कबूल किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का तमंचा बरामद किया है।
एसीपी साहिबाबाद रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि लिंक रोड थाना पुलिस महाराजपुर निवासी पांच साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को खोज रही थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि मासूम को लेकर जाने वाला नूर आलम उर्फ राजू कौशांबी बस अड्डे की ओर जाता देखा गया है। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर नूर आलम कौशांबी बस अड्डे के पीछे खाली पड़े मैदान की झांड़ियों में छिप गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए नूर आलम ने झाड़ियों की आड़ से पुलिस पार्टी पर गोली चला दी।

पुलिस ने की जवाबी फायरिंग
एसीपी ने बताया कि पुलिस के द्वारा अपना बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की गई। इस दौरान नूर आलम दोनों पैरों में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के ल‌िए अस्पताल में भर्ती कराया है। पूछताछ में नूर आलम ने बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या का जुर्म कबूल किया है। नूर आलम मूलरूप से बिहार के मधेपुरा जिले का रहने वाला है और फिलहाल महराजपुर गांव में सलीम बाबू के किराए के मक‌ान में रहता है।

बोला- बस में किया था दुष्कर्म
एसीपी के मुताबिक नूर आलम प्राइवेट बस में हैल्पर की नौकरी करता है। उसने बताया कि 15 जनवरी को रात में करीब साढ़े 10 बजे वह बस में सोने जा रहा था। उसी दौरान रास्ते में उसे पांच साल की मासूम मिल गई। मासूम ने उस पांच रुपये मांगे थे। बच्ची को देख उसके दिमाग में गलत विचार आने लगे। नूर आलम ने बताया कि पैसे का लालच देकर मैं उसे बस में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के बेहोश हो जाने पर मैं डर गया और गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद बस में रखे एक कट्टे में बच्ची का शव रखकर नाले में फेंक दिया।

परिजनों के साथ ढुंढवा रहा था बच्ची को
एसीपी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मासूम के गायब हो जाने पर परिजनों ने लिंक रोड थाना पुलिस को सूचना दी थी। इसके अलावा बेचैन परिजन खुद भी उसे ढूंढ रहे थे। किसी को उस पर शक न हो, इसलिए नूर आलम भी परिजनों संग मिलकर बच्ची को ढुंढवाने का स्वांग रच रहा था।

Read More: Delhi Elections: शाहदरा से बीजेपी प्रत्याशी संजय गोयल ने किया नामांकन, भारी बहुमत का दावा

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img