Uttar Pradesh : हापुड़ में एक इंटर कॉलेज के अर्थशास्त्र शिक्षक पर छेड़छाड़ और उत्पीड़न का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Hapur : नगर के दिल्ली रोड स्थित एसएसवी इंटर कॉलेज की कक्षा 12वीं की एक छात्रा ने अर्थशास्त्र के शिक्षक पर छेड़छाड़, अश्लीलता और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में छात्रा ने बताया है कि उसके अर्थशास्त्र विषय के शिक्षक ने उससे कहा कि वह उसे पसंद करता है और उससे गले लगना चाहता है। आरोप है कि शिक्षक ने कहा कि कभी घर पर अकेली हो तो उसे बुला लेना। यह बात शिक्षक ने कई बार स्कूल में कक्षा के दौरान, कक्षा के बाहर और यहां तक कि उसकी सहेलियों के सामने भी कही।
छात्रा का आरोप है कि ऐसा न करने पर शिक्षक ने उसका करियर बर्बाद करने की धमकी दी। छात्रा ने रिपोर्ट में यह भी कहा है कि शिक्षक इससे पहले भी अन्य छात्राओं को करियर बर्बाद करने की धमकी देकर शोषण कर चुका है।
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।





