राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में अवैध खन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, छापे में जेसीबी और दो डंपर जब्त

Hapur News : हापुड़ में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार रात 2 बजे गांव घुंघराला में एसडीएम के नेतृत्व में हुई छापेमारी में एक जेसीबी मशीन और दो डंपर जब्त किए गए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रशासन को लंबे समय से गांव घुंघराला और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर एसडीएम ने राजस्व विभाग और पुलिस टीम के साथ मिलकर मौके पर छापा मारा। टीम को देखते ही अवैध खन में लिप्त कई लोग अपने वाहन छोड़कर फरार हो गए। छापेमारी के दौरान एक जेसीबी मशीन से मिट्टी का खनन किया जा रहा था, जबकि दो डंपरों में खन सामग्री लदी हुई पाई गई। अधिकारियों ने तत्काल तीनों वाहनों को कब्जे में ले लिया और संबंधित विभाग को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके साथ ही वाहन चालकों और खनन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और बिना अनुमति खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खन कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने इस कदम का स्वागत करते हुए क्षेत्र में नियमित निगरानी और ऐसे अभियानों को जारी रखने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button