Uttar Pradesh : हापुड़ कलेक्ट्रेट में मनाई गई दानवीर भामाशाह की जयंती, उत्कृष्ट व्यापारियों को किया गया सम्मानित

Hapur : जनपद हापुड़ में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को महान दानवीर भामाशाह की जयंती मनाई गई। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा के आदर्शों को स्मरण किया गया।

इस अवसर पर 5 करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक का वार्षिक टर्नओवर करने वाले उत्कृष्ट व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित भामाशाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, जिलाधिकारी कविता मीना, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भामाशाह को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने भामाशाह के त्याग, दानशीलता और महाराणा प्रताप के संघर्ष में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल बन गया। वक्ताओं ने बताया कि 16वीं शताब्दी में भामाशाह ने अपना संपूर्ण धन महाराणा प्रताप को समर्पित कर राष्ट्रहित और स्वाभिमान की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी कारण उन्हें इतिहास में दानवीर के रूप में जाना जाता है।
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि भामाशाह का जीवन त्याग, परोपकार और निस्वार्थ सेवा का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, व्यापार मंडल और उद्योग मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।





