Uttar Pradesh : हापुड़ में पीएनजी अपनाने की अपील, डीएसओ ने बताया- एलपीजी से ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक

Hapur (शाहरुख़ खान) : भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एलपीजी पर निर्भरता कम करने और स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल ईंधन के रूप में पाइप्ड नेचुरल गैस के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में हापुड़ जिले में पीएनजी नेटवर्क से आच्छादित क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को पीएनजी अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध है और जिन उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन दिया जा चुका है, वे एलपीजी के स्थान पर पीएनजी का अधिक से अधिक उपयोग करें। पीएनजी न केवल सुविधाजनक और सुरक्षित ईंधन है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि पीएनजी के उपयोग से 24 घंटे निर्बाध गैस आपूर्ति मिलती है और गैस सिलेंडर बुक कराने, ढोने या बदलने की जरूरत नहीं पड़ती। इसमें उपयोग के अनुसार बिल भुगतान की सुविधा है। एलपीजी की तुलना में पीएनजी अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक है। स्वच्छ ईंधन होने के कारण यह प्रदूषण कम करता है और पर्यावरण संरक्षण में सहायक है। घरेलू उपयोगकर्ताओं के लिए इससे समय और श्रम दोनों की बचत होती है।

इस संबंध में तेल विपणन कंपनियों और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे पीएनजी उपलब्ध क्षेत्रों में उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें पीएनजी के लाभों के प्रति जागरूक करें और एलपीजी से पीएनजी में माइग्रेशन की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा कराएं।

जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने आम लोगों से अनुरोध किया है कि जहां पीएनजी सुविधा उपलब्ध है, वहां अधिक से अधिक संख्या में पीएनजी का उपयोग कर स्वच्छ ऊर्जा अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img