Uttar Pradesh : हापुड़ में गलत अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देने का आरोप, पीड़ित ने सीएमओ से की निष्पक्ष जांच की मांग

Hapur News : जनपद के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भैना निवासी एक व्यक्ति ने गढ़ नगर स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर गलत और भ्रामक रिपोर्ट देने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री और सीएमओ से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित प्रदीप कुमार शर्मा का आरोप है कि उन्होंने 24 जुलाई को गढ़ नगर के स्याना रोड स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट में लीवर का अत्यधिक बढ़ना, फैटी लीवर, पित्ताशय में सूजन व तिल्ली बढ़ने जैसी गंभीर समस्याएं दर्शाई गईं। रिपोर्ट देखने के बाद परिजन चिंता में पड़ गए और मरीज की स्थिति को लेकर भय का माहौल बन गया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि रिपोर्ट पर संदेह होने के कारण उन्होंने मेरठ के एक डायग्नोस्टिक सेंटर में दोबारा अल्ट्रासाउंड कराया। वहां की जांच रिपोर्ट में पहली रिपोर्ट से अलग चिकित्सीय निष्कर्ष सामने आए। दूसरी रिपोर्ट में लीवर की बनावट में बदलाव, पोर्टल एवं स्प्लेनिक शिराओं का फैलाव, तिल्ली का बढ़ना और पेट में हल्का तरल मिलने के साथ क्रॉनिक लीवर डिजीज एवं पोर्टल हाइपरटेंशन की आशंका जताई गई। साथ ही लीवर फंक्शन टेस्ट सहित अन्य आवश्यक जांच कराने की सलाह दी गई।

पीड़ित का आरोप है कि यदि पहली रिपोर्ट के आधार पर ही उपचार शुरू कर दिया जाता, तो गलत इलाज होने की आशंका से मरीज के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही भविष्य में अन्य मरीजों के लिए भी खतरा बन सकती है।

शिकायतकर्ता ने सीएमओ से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अल्ट्रासाउंड सेंटर की कार्यप्रणाली की समीक्षा कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. किशोर आहूजा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img