Hapur : हापुड़ में हाईवे-9 पर रामा अस्पताल के सामने एक चलती टाटा हैरियर कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कुछ ही पलों में पूरी कार धू धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। बाबूगढ़ निवासी राहुल चौधरी अपनी पत्नी के साथ पत्नी की मौसी के बेटे को अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर ले जा रहे थे। जैसे ही उनकी टाटा हैरियर कार रामा अस्पताल के सामने पहुंची, कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते बोनट से लपटें उठने लगीं। चालक राहुल चौधरी ने तुरंत कार रोकी और परिवार सहित बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल से पानी मंगाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की भेंट चढ़ गई। आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी आग फैलने का खतरा था। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन केंद्र प्रभारी सचिन बालियान के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कार पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी।
अग्निशमन विभाग ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या इंजन में किसी तकनीकी खराबी को आग लगने का संभावित कारण बताया है। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने कहा कि समय रहते चालक के सतर्क होने से बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
