Hapur : हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम पिलखुवा क्षेत्र में एक चलती कार में अचानक आग लग गई। सरस्वती कॉलेज के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, नोएडा निवासी शिवम कार से नोएडा से हापुड़ आ रहे थे। पिलखुवा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही कार से धुआं निकलने लगा, जो कुछ ही देर में आग की लपटों में बदल गया। चालक शिवम ने स्थिति भांपते हुए तुरंत कार रोकी और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। इस घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझा दी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण कार में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।





