Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में मंगलवार को दो नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में घुसकर व्यापारी को गोली मारकर हत्या कर दी। स्कूटी पर सवार होकर आए बदमाशों ने व्यापारी के सिर और गर्दन में गोली मारी। गंभीर रूप से घायल हुए व्यापारी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, बदमाश गोलियां बरसाने के बाद मौके से भाग निकले, लेकिन कुछ ही दूरी पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। बदमाशों से हुई छीना-झपटी में पुलिसकर्मियों को भी चोट लग गई।
एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि हापुड़ के रोहताश कुमार 45 पुत्र हरि सिंह ने कस्बा गुलावठी में पेट्रोल पंप के निकट इलेक्ट्रिक स्कूटी, इन्वर्टर और बैटरी की दुकान खोली थी। मंगलवार शाम 5 बजे रोहताश अपने शोरूम में कर्मचारी के साथ बैठे थे। इसी समय दो नकाबपोश बदमाश अचानक दुकान में घुस गए।
रोहताश को देखते ही बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ चार से पांच राउंड फायरिंग की। इस फायरिंग में रोहताश के सिर और गर्दन में गोली लग गई, जिससे वे घायल होकर नीचे गिर पड़े। फायरिंग की आवाज से पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई। घटना होने के तुरंत बाद वहां मौजूद लोग घायल रोहताश को लेकर सीएचसी पहुंचे।
सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर गुलावठी पुलिसबल लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुछ दूर पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस की उनसे छीना-झपटी भी हुई। दोनों आरोपियों को पकड़ने के दौरान कोतवाल धर्मेंद्र शर्मा को हाथ में हल्की चोटें भी आई हैं। एसएसपी ने बताया कि बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।





