Uttar Pradesh : फेसबुक फ्रेंडशिप से शुरू हुआ प्रेमजाल, बिटकॉइन निवेश के नाम पर हापुड़ के व्यक्ति से एक करोड़ की ठगी

Hapur News : हापुड़ में साइबर ठगों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए फेसबुक पर दोस्ती के बहाने एक व्यक्ति को प्रेमजाल में फंसाकर बिटकॉइन निवेश के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ब्रजघाट निवासी हरिओम सिंह ने साइबर क्राइम पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब डेढ़ से दो महीने पहले उनकी फेसबुक पर आशा गुप्ता नाम की महिला से दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ महिला ने उन्हें अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और बिटकॉइन में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया।

पीड़ित के अनुसार शुरुआत में महिला ने कम रकम निवेश करवाई और कुछ समय बाद दोगुनी रकम वापस लौटा दी। इससे हरिओम सिंह का भरोसा पूरी तरह जीत लिया गया। इसके बाद महिला लगातार बड़ी रकम निवेश करने के लिए दबाव बनाती रही। महिला के कहने पर पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में 5 लाख, 10 लाख और 15 लाख रुपये समेत करीब एक करोड़ रुपये विभिन्न बैंक खातों और मोबाइल नंबरों पर ट्रांसफर कर दिए।

बताया गया कि ये ट्रांजेक्शन फोन पे, कैनरा बैंक से आरटीजीएस और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए 10 से 12 अलग-अलग खातों में किए गए। जब हरिओम सिंह ने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपी महिला उन्हें लगातार “जल्द दोगुना मुनाफा मिलने” का भरोसा देती रही। बाद में महिला ने और 30 लाख रुपये निवेश करने का दबाव बनाया, जिसके बाद पीड़ित को खुद के साथ ठगी होने का एहसास हुआ।

पीड़ित ने पुलिस को यूटीआर स्लिप, बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल सबूत सौंप दिए हैं। यह पूरी घटना 28 फरवरी 2026 से 22 अप्रैल 2026 के बीच की बताई जा रही है।

थाना साइबर क्राइम प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर एक्सपर्ट की मदद से बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की गहन जांच की जा रही है। पुलिस विभिन्न बैंकों से जुड़े खातों और नंबरों की लोकेशन ट्रेस कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img