Greater Noida:ग्रेटर नोएडा के जैतपुर-वैशपुर बनेंगे आदर्श ग्राम! सड़क, सीवर, गंगाजल और LED लाइट जैसी सुविधाओं से बदलेगी तस्वीर
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के जैतपुर और वैशपुर गांवों को अब आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। गांवों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। प्राधिकरण की योजना के तहत पेयजल आपूर्ति, सीवर व्यवस्था, सड़क निर्माण, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं को आधुनिक बनाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इन गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने के बाद अन्य गांवों को भी चरणबद्ध तरीके से आदर्श ग्राम बनाया जाएगा।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक गांवों में सबसे पहले पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने पर फोकस किया जाएगा। जैतपुर-वैशपुर गांव को नई पाइपलाइन से जोड़ा जाएगा ताकि लोगों को बेहतर जलापूर्ति मिल सके। इसके अलावा पुराने नलकूपों की मरम्मत कराई जाएगी और गांवों में गंगाजल की आपूर्ति शुरू करने की तैयारी भी चल रही है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने गांवों के संपूर्ण विकास के लिए विस्तृत योजना तैयार की है। योजना के तहत सभी जरूरी सुविधाएं एक साथ उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। महाप्रबंधक परियोजना ए.के. सिंह ने बताया कि गांवों का विकास चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा ताकि हर गांव में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।
सिर्फ गांव ही नहीं बल्कि औद्योगिक और आसपास के क्षेत्रों में भी कई विकास कार्य कराए जाएंगे। औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-10 में रोशनी व्यवस्था सुधारने के लिए विद्युतीकरण और एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का काम किया जाएगा। वहीं कासना से सिरसा गोलचक्कर तक सूरजपुर-कासना मार्ग पर नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और पुरानी लाइटों को हटाया जाएगा।
इसके अलावा ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रोजा जलालपुर श्मशान घाट में चारदीवारी, शेड, चबूतरा और प्रतीक्षा कक्ष का निर्माण भी कराया जाएगा। थापखेड़ा गांव में बचा हुआ विकास कार्य पूरा किया जाएगा। वहीं सूरजपुर में किसान आबादी भूखंड वाले सेक्टरों में सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई और सुधार कार्य भी किए जाएंगे।
प्राधिकरण का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद गांवों और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का विकास तेजी से होगा।


