Somnath Swabhiman Parv: हर्रावाला से वेरावल के लिए विशेष रेल यात्रा रवाना, 700 श्रद्धालु हुए शामिल

Somnath Swabhiman Parv: हर्रावाला से वेरावल के लिए विशेष रेल यात्रा रवाना, 700 श्रद्धालु हुए शामिल

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छह दिवसीय इस विशेष तीर्थ यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 700 श्रद्धालु शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इसे केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस यात्रा में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी माताएं-बहनें, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं। उन्होंने इस पहल के लिए संस्कृति विभाग की सराहना करते हुए सभी यात्रियों की सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल सोमनाथ मंदिर भारत की अटूट आस्था, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई बार आक्रमण और विध्वंस झेलने के बावजूद सोमनाथ मंदिर ने पूरे विश्व को यह संदेश दिया कि भारत हर चुनौती के बाद और अधिक मजबूती और संकल्प के साथ आगे बढ़ता है। उनके अनुसार ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ देशवासियों को राष्ट्रबोध, सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने वाला विशेष आयोजन है।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार केदारखंड और मानसखंड के विकास के साथ-साथ हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर तथा शारदा कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर भी विशेष फोकस कर रही है, ताकि प्रदेश को वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे जहां भी जाएं, देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का प्रतिनिधित्व करें। उन्होंने कहा कि सभी यात्री केवल सोमनाथ दर्शन के लिए नहीं जा रहे, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान के भी प्रतिनिधि हैं। उन्होंने सभी से अपने व्यवहार और आचरण के माध्यम से राज्य की सकारात्मक छवि को मजबूत करने की अपील की।

इस अवसर पर विधायक बृज भूषण गैरोला, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

Hot this week

Ghaziabad : इंदिरापुरम में बंगाली समाज का दुर्गा पूजा उत्सव, सातवें वर्ष में प्रवेश

Ghaziabad : इंदिरापुरम बंगाली कल्चरल सोसाइटी की ओर से...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img