स्मृति ईरानी का आरोप, INDI गठबंधन ने जम्मू-कश्मीर में संविधान का अपमान किया
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने INDI गठबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “कल INDI गठबंधन ने जम्मू-कश्मीर में भारतीय संविधान का गला घोंटने की हिमाकत की। उन्होंने जो प्रस्ताव पारित किया है, उसके तहत यह गठबंधन जम्मू-कश्मीर में भारत के संविधान के खिलाफ एक नई जंग लड़ता दिख रहा है।”
स्मृति ईरानी ने सवाल किया, “मैं INDI गठबंधन के नेताओं से पूछना चाहती हूं कि संसद और भारत के सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों का अपमान करने का अधिकार कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) को किसने दिया?” उन्होंने यह भी पूछा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद आदिवासी समाज और दलितों को जो अधिकार मिले हैं, क्या कांग्रेस और NC उसकी खिलाफत करेंगे?
ईरानी ने आरोप लगाया, “कल का प्रस्ताव उग्रवाद और आतंकवाद के समर्थन में कांग्रेस और INDI गठबंधन के नेताओं के रणनीतिक समर्थन को दर्शाता है।” उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को विकास के मुद्दों पर काम करना चाहिए, न कि भारत को जोड़ने की बजाय तोड़ने का प्रयास करना चाहिए।
स्मृति ईरानी ने कांग्रेस और NC के नेताओं को चुनौती दी, “मैं कहती हूं कि अनुच्छेद 370 कभी पुनर्स्थापित नहीं होगा, और भारत को विभाजित करने का उनका प्रयास कभी सफल नहीं होगा।”


