सैलजा कांग्रेस की सम्मानित नेता, उनके विरुद्ध टिप्पणी करने वालों का कांग्रेस में नहीं कोई स्थान : हुड्डा

सैलजा कांग्रेस की सम्मानित नेता, उनके विरुद्ध टिप्पणी करने वालों का कांग्रेस में नहीं कोई स्थान : हुड्डा

कांग्रेस खत्म नहीं होने देगी संविधान और आरक्षण, बीजेपी के मंसूबे नहीं होंगे कामयाब : हुड्डा

रिपोर्ट :कोमल रमोला

रोहतक, 16 सितंबर । पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कुमारी सैलजा हमारी बहन हैं और कांग्रेस की सम्मानित नेता हैं। कोई भी कांग्रेस का नेता या कार्यकर्ता उनके बारे में गलत टिप्पणी नहीं कर सकता। उनके विरुद्ध बोलने वाले लोगों का कांग्रेस में कोई स्थान नहीं है।

हुड्डा आज रोहतक में पत्रकार वार्ता के दौरान कुमारी सैलजा को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आज सभी लोगों के हाथ मोबाइल है और लोगों को मैन्युपुलेट करके कुछ भी बुलवाया जा सकता है। लेकिन ऐसी मानसिकता का समाज या राजनीति में कोई स्थान नहीं है। विरोधी दल जानबूझकर समाज को बांटने वाली साजिशें रच रहे हैं। लेकिन हरियाणा का समाज किसी की चाल फंसकर जात-पात में नहीं बंटने वाला। 36 बिरादरी एकजुट होकर कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। पूरे हरियाणा में एक ही नारा गूंज रहा है- ना जात पर-ना पात पर, बटन दबेगा हाथ पर।

आज बेरी से भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक ओमप्रकाश कादियान और उनके बेटे विक्रम कादियान ने सोमवार को कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। विक्रम कादियान भाजपा के टिकट पर दो बार बेरी से चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री गायित्री देवी ने भी कांग्रेस का हाथ थाम लिया। साथ ही कई सरपंचों, ब्लॉक समिति चेयरमैन, भाजपा के कई पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि उनका पार्टी में पूरा मान-सम्मान किया जाएगा।

ज्वाइनिंग के बाद सिरसा से हलोपा प्रत्याशी गोपाल कांडा को भाजपा द्वारा समर्थन करने के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि ये बात प्रदेश की जनता को पहले ही पता थी। जिस इनेलो-हलोपा का पहले अप्रत्यक्ष तौर पर बीजेपी के साथ गठबंधन चल रहा था, वह अब सार्वजनिक हो गया है। हरियाणा में सीधा मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। इनेलो, जेजेपी, हलोपा जैसे तमाम दल सिर्फ कांग्रेस के वोट काटने के लिए मैदान में उतारे गए हैं। कई निर्दलीयों को भी भाजपा ने यहीं जिम्मेदारी सौंपी है। जनता को ऐसे उम्मीदवारों से सावधान रहने की जरूरत है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा आरक्षण खत्म करने को लेकर भी दुष्प्रचार कर रही है। जबकि हरियाणा में कौशल निगम की भर्तियों में आरक्षण खत्म करने का काम बीजेपी ने किया। ओबीसी की क्रिमी लेयर की लिमिट 8 से घटाकर 6 लाख करके आरक्षण छीनने का काम भी बीजेपी ने ही किया है। देश में संविधान और आरक्षण लागू करने का काम कांग्रेस ने किया था और कांग्रेस ही इसकी रक्षा करेगी। जबकि बीजेपी की नीतियां हमेशा से संविधान व आरक्षण विरोधी रही हैं। लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी की यहीं मंशा सार्वजनिक हुई थी। बीजेपी ने संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने के लिए ही 400 सीटें मांग रही थी। जब बीजेपी सच्चाई देश के सामने उजागर हुई तो वो कांग्रेस के विरुद्ध झूठ की दुकान चला रही है। क्योंकि उसके पास ना दिखाने लायक कोई काम है और ना बताने लायक कोई उपलब्धि।

इस मौके पर विक्रम कादयान ने कहा कि बीजेपी ना जनता का सम्मान करना जानती है और ना ही अपने नेता व कार्यकर्ताओं का। बेरी में बाहरी उम्मीदवार को टिकट देकर उसने खुद के ही कार्यकर्ताओं को अपमानित करने का काम किया है। वहीं, महिला नेता गायित्री देवी ने कहा कि उन्होंने भाजपा में 14 साल तक निष्ठा व मेहनत से काम किया, लेकिन हांसी में भाजपा ने एक दागी नेता को टिकट दे दिया। इससे पार्टी का हरेक कार्यकर्ता मायूस है। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी में ही 36 बिरादरी व हर वर्ग के हित सुरक्षित हैं। इस अवसर पर बेरी से कांग्रेस प्रत्याशी रघुबीर कादियान, रोहतक से बीबी बतरा, आनंद सिंह दांगी आदि वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

ज्वाइनिंग कार्यक्रम के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने महम और कलानौर विधानसभा में कई चुनावी जनसभाएं की व पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। मोखरा में कांग्रेस प्रत्याशी बलराम दांगी के लिए वोट मांगते हुए उन्होंने कहा कि पूरा देश हरियाणा की ओर देख रहा है। हरियाणा देश की राजनीति बदलता है और महम हलका इसमें सबसे आगे है। मोखरा गांव ने हर चुनाव में मेरा साथ दिया। लोकसभा चुनाव में दीपेंद्र को भी भारी बहुमत से जिताया है। ये मेरी आखिरी आर-पार की लड़ाई है। सभी से अपील है कि बलराम दांगी को जिताकर इस लड़ाई को सफल बनाना है। बहुअकबरपुर गांव में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में खेतों को पानी मिलता था, लेकिन अब फसल प्यासी खड़ी है।

कलानौर से कांग्रेस प्रत्याशी शकुंतला खटक के समर्थन में हुड्डा ने सुनारिया गांव में जनसभा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर बदमाश और नशा हरियाणा में नहीं रहने देंगे। प्रदेश में फिर से कानून का राज स्थापित किया जाएगा और हर वर्ग की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। कांग्रेस सरकार बुजुर्गों को 6000 पेंशन, युवाओं को 2 लाख पक्की नौकरियां, कर्मचारियों को ओपीएस, 300 युनिट मुफ्त बिजली, 500 रुपये में गैस सिलेंडर देगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img