उत्तर प्रदेशराज्य

School Reopen: गर्मी की छुट्टियों के बाद आज से फिर गुलजार होंगे स्कूल, बच्चों की चहक से लौटेगी रौनक

School Reopen: गर्मी की छुट्टियों के बाद आज से फिर गुलजार होंगे स्कूल, बच्चों की चहक से लौटेगी रौनक

नोएडा : गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद बुधवार से जिले के इंटर कॉलेजों और निजी स्कूलों में फिर से नियमित पढ़ाई शुरू होगी। बच्चों की चहल-पहल, प्रार्थना सभा और कक्षाओं की रौनक के साथ स्कूलों में नया उत्साह देखने को मिलेगा। पहले दिन विद्यार्थियों के स्वागत के लिए अधिकांश स्कूलों ने विशेष तैयारियां की हैं।

स्कूल प्रशासन के अनुसार नए विद्यार्थियों का परिचय कराया जाएगा और शिक्षकों को पहले दिन से नियमित पढ़ाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम को देखते हुए फिलहाल कक्षा एक से आठ तक की कक्षाएं सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जाएंगी।

रायन इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य सुधा सिंह ने बताया कि अप्रैल में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका था, लेकिन लंबे अवकाश के बाद बच्चों को दोबारा पढ़ाई की लय में लाना जरूरी होता है। शुरुआती दिनों में पुराने पाठ्यक्रम का पुनरावृत्ति कराई जाएगी, जिससे बच्चे आसानी से पढ़ाई में वापस जुड़ सकें।

वनस्थली पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य सना जैन ने बताया कि नर्सरी के बच्चों के लिए विशेष स्वागत कार्यक्रम तैयार किया गया है। स्कूल वाहनों की सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई है और बच्चों के साथ अभिभावकों का भी स्वागत किया जाएगा।

हालांकि कुछ अभिभावकों ने शिकायत की है कि कुछ स्कूलों ने अब तक समय और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी साझा नहीं की है। अभिभावकों का कहना है कि यदि बीएसए के निर्देशों के बावजूद स्कूल समय पर सूचना नहीं देते हैं तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। अधिकांश स्कूलों ने हालांकि सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और परिसर को विद्यार्थियों के स्वागत के लिए सजाया गया है।

Related Articles

Back to top button