Road Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

Road Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
नोएडा : सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सोरखा गांव स्थित पुस्ता रोड पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए 41 वर्षीय मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार डायल-112 पर सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान संजय के रूप में हुई, जो मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले के श्रीपुर गांव का रहने वाला था। वर्तमान में वह परिवार के साथ सोरखा के पुस्ता पार क्षेत्र में रहकर बेलदारी का कार्य करता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात वाहन ने संजय को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





