Rohtak : दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स में फिल्म एवं टेलीविजन फैकेल्टी के साल 2019 बैच के क्लीयर होने का रास्ता साफ हो गया है। इनके लंबे समय से लंबित डिग्री फिल्म प्रोजेक्ट के शूट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 18 सितंबर को पहली डिग्री फिल्म का शूट शुरू होगा। लगातार 94 दिन तक चलने वाले शूट में 9 शॉर्ट फिल्म तैयार की जाएंगी।
कुलगुरु के आदेश पर बैकलॉग खत्म करने की कवायद तेज
एफसी महेश टीपी ने बताया कि कुलगुरु अमित आर्य ने पिछले दिनों एफटीवी में लंबित चल रहे बैच का बैकलॉग जल्द खत्म करने के आदेश दिए थे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा था कि जो बैच समय पर चल रहे हैं उनकी टाइम लाइन किसी भी सूरत में मिस नहीं होनी चाहिए। इसलिए 2019 बैच को क्लीयर कराने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए डिग्री फिल्म प्रोजेक्ट के शूट का शेड्यूल जारी किया गया है।
पोस्ट प्रोडक्शन के बाद होगी ज्यूरी
शूट पूरा होने के बाद पोस्ट प्रोडक्शन का काम शुरू होगा। इसके बाद छात्रों की ज्यूरी होगी और उसमें उत्तीर्ण होने पर डिग्री पूरी हो जाएगी। इससे पहले 11 सितंबर को 2022 बैच के म्यूजिक वीडियो शूट भी शुरू कराए गए हैं। दोनों शूट शेड्यूल समानांतर चलते रहेंगे। इसके लिए कैमरा और लाइट का अलग अलग इंतजाम किया गया है।
छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत, टीमें गठित
महेश टीपी ने बताया कि डिग्री फिल्म प्रोजेक्ट के शूट शुरू होने से 2019 बैच के छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। कुलगुरु अमित आर्य ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि छात्रों का कोर्स वर्क पूरा होने में पहले जो लेटलतीफी रही है वह अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी 9 डिग्री फिल्म शूट के लिए अलग अलग यूनिट मैनेजर तैनात किए गए हैं। शूट 94 दिन तक बिना रुके चले, इसके लिए लाइट ब्वॉय, मेकअप, स्पॉट ब्वॉय, कारपेंटर आदि का इंतजाम कर लिया गया है। अलग अलग शॉर्ट फिल्म के लिए डायरेक्शन, सिनेमेटोग्राफी, एडिटिंग और ऑडियोग्राफी कोर्स में पढ़ रहे छात्रों की टीमें गठित की गई हैं।
2018 बैच की डिग्री मार्च में हुई थी पूरी
महेश टीपी ने बताया कि एफटीवी छात्रों के कोर्स का बैकलॉग खत्म करने के लिए कुलगुरु पूरी तरह गंभीर हैं। उनके प्रयासों से 2018 बैच की डिग्री मार्च में पूरी हुई थी। अब 2019 और 2022 बैच के शूट एक साथ चलेंगे। अन्य लंबित बैच की पढ़ाई को आगे बढ़ाने की दिशा में भी काम शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में इस मामले में और अधिक तेजी देखने को मिलेगी।


