Delhi Parking: दिल्ली में 14 मंजिला रोबोटिक पार्किंग शुरू, 60% अधिक जगह का होगा उपयोग
नई दिल्ली, 5 अगस्त। राजधानी दिल्ली में पार्किंग की बढ़ती समस्या के समाधान के लिए आधुनिक तकनीक से लैस 14 मंजिला मल्टी-लेवल रोबोटिक कार पार्किंग सुविधा शुरू कर दी गई है। अफ्रीका एवेन्यू स्थित डिफेंस ऑफिस कॉम्प्लेक्स में लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक पार्किंग परियोजना का उद्घाटन रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया।
उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे महानगरों में भूमि की उपलब्धता सीमित होती जा रही है। ऐसे में आधुनिक तकनीक आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर ही भविष्य की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शहरी सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए लगातार नई तकनीकों को अपनाने पर जोर दे रही है।
इस पार्किंग में पूरी तरह स्वचालित रोबोटिक ‘डॉली’ तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह तकनीक पारंपरिक पार्किंग की तुलना में करीब 60 प्रतिशत अधिक जगह का प्रभावी उपयोग करती है। वाहन को केवल लिफ्ट लॉबी तक लाना होता है, जिसके बाद पूरी पार्किंग प्रक्रिया स्वतः संचालित होती है। इससे मानवीय हस्तक्षेप बेहद कम हो जाता है और वाहनों का अनावश्यक इंजन चालू नहीं रहने से प्रदूषण भी कम होता है।
परियोजना में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा प्रणाली और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। रक्षा राज्य मंत्री ने निर्धारित समय में परियोजना पूरी करने के लिए सीपीडब्ल्यूडी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की तकनीक भविष्य में देश के अन्य महानगरों में भी अपनाई जा सकती है।


