Reservation Protest: आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट में बदलाव की मांग, 2 अक्टूबर को मौन उपवास का ऐलान
नोएडा में आरक्षण व्यवस्था, एससी/एसटी एक्ट में संशोधन और यूजीसी के नए प्रावधानों को लेकर सवर्ण स्वाभिमान मंच ने मंगलवार को सूरजपुर कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी मेधा रूपम को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने अपनी मांगों को लेकर 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन कलेक्ट्रेट परिसर में शांतिपूर्ण मौन उपवास करने की घोषणा की है। संगठन के गठन और इन मुद्दों को लेकर हाल में ग्रेटर नोएडा में भी बैठक आयोजित की गई थी।
मंच के संयोजक कपिल शर्मा एडवोकेट ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट में मौन उपवास किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने की योजना है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से उठाई जा रही मांगें किसी जाति या धर्म के विरोध में नहीं हैं, बल्कि आरक्षण व्यवस्था और एससी/एसटी एक्ट की संवैधानिक समीक्षा तथा यूजीसी के नए प्रावधानों को रद्द करने की मांग से जुड़ी हैं।
मंच से जुड़े ज्ञानेंद्र सिंह एडवोकेट ने आरक्षण के मौजूदा स्वरूप पर सवाल उठाते हुए कहा कि संगठन का मानना है कि इसका लाभ कई पीढ़ियों से एक ही वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने आरक्षण की समीक्षा कर आर्थिक आधार को भी शामिल करने की मांग रखी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लाभ मिल सके। ये संगठन की ओर से रखे गए विचार और मांगें हैं।
कार्यक्रम में प्रमोद शर्मा, सतेंद्र शर्मा, संजय शर्मा समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे। संगठन की ओर से 2 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने की बात कही गई है।

