
Chandigarh/Patran : पंजाब के जल संसाधन तथा भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बुधवार को शुतराना विधानसभा क्षेत्र के गांव बूटा सिंह वाला और बादशाहपुर में नहरी सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर शुतराना के विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर भी मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और जल संसाधन मंत्री का किसानों को यह बड़ा तोहफा देने के लिए आभार जताया।
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों को अधिक से अधिक नहरी पानी उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि शुतराना हलके में 80.35 करोड़ रुपये की लागत से 137.13 किलोमीटर नहरों, रजबाहों और सब-माइनरों का नवीनीकरण किया गया है। इससे 56 गांवों की लगभग 68,500 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए नहरी पानी मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत दो नहरों तथा 14 माइनरों और सब-माइनरों का नवीनीकरण किया गया है। इसके अलावा 53.9 किलोमीटर पाइपलाइनें बिछाई गई हैं, जिन पर 8.89 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इन पाइपलाइनों के माध्यम से 18 गांवों की लगभग 9,302 एकड़ भूमि को नहरी पानी की सुविधा मिलेगी।
गोयल ने बादशाहपुर में घग्गर तटबंध के सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया और बताया कि ड्रेनेज विभाग ने घग्गर नदी के किनारे कटाव संभावित क्षेत्र में लगभग 1000 फुट हिस्से में 2.46 करोड़ रुपये की लागत से पत्थर और जाली लगाकर तटबंध को मजबूत किया है। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर ड्रेनेज विभाग ने पिछले वर्ष घग्गर तटबंधों को मजबूत करने के लिए जो काम किए, वे पिछले 50 वर्षों में नहीं हुए थे। इसी वजह से गत वर्ष घग्गर नदी में अत्यधिक जल प्रवाह के बावजूद कहीं भी तटबंध नहीं टूटा। उन्होंने बताया कि बादशाहपुर में भी खनौरी की तर्ज पर गेज लगाया जाएगा और बाढ़ से बचाव के सभी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कार सेवा, स्थानीय लोगों और समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने कहा कि कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल तीसरी बार शुतराना हलके में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने आए हैं और पंजाब सरकार ने किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की है। उन्होंने कहा कि घग्गर के पार स्थित गांवों तक भी यह सुविधा पहुंचाई जाएगी। इन परियोजनाओं से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
बाजीगर ने पंजाब सरकार और जल संसाधन विभाग का धन्यवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में किसान हितैषी निर्णयों को लगातार धरातल पर लागू किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक वनिंदर कौर लूंबा, ड्रेनेज विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर रजिंदर घई, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता गुनदीप सिंह, आकाश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में किसान, क्षेत्रवासी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।





