राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Indoor Stadium Fire Safety: बिना फायर एनओसी संचालित हो रहा नोएडा इंडोर स्टेडियम, 100 करोड़ की परियोजना पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल

Noida Indoor Stadium Fire Safety: बिना फायर एनओसी संचालित हो रहा नोएडा इंडोर स्टेडियम, 100 करोड़ की परियोजना पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल

नोएडा। सेक्टर-21ए स्थित करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बने नोएडा इंडोर स्टेडियम के संचालन को लेकर सुरक्षा संबंधी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, स्टेडियम वर्तमान में वैध फायर एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) के बिना संचालित हो रहा है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद अग्निशमन विभाग ने स्टेडियम का निरीक्षण कराया, जिसमें कई कमियां सामने आई हैं।

सबसे गंभीर स्थिति आगामी 1 अगस्त को प्रस्तावित बड़े म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर बताई जा रही है। कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में स्टेडियम की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों ने प्रशासन और आयोजन से जुड़े विभागों की चिंता बढ़ा दी है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे के निर्देश पर फायर विभाग की टीम ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम को कई फायर फाइटिंग उपकरण अक्रियाशील मिले। इसके अलावा निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन को लेकर भी कमियां सामने आईं।

फायर विभाग ने स्टेडियम का संचालन कर रही सिक्योरिटी सॉल्यूशन कंपनी से इन कमियों को लेकर जवाब मांगा है। इसके साथ ही नोएडा प्राधिकरण को भी पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया गया है। स्टेडियम का निर्माण नोएडा प्राधिकरण द्वारा कराया गया है।

सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे के अनुसार, स्टेडियम प्रबंधन को पहले भी कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। मौजूदा समय में भी लगातार नोटिस देकर अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया जाता, तब तक फायर एनओसी जारी नहीं की जा सकती।

स्टेडियम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी पहुंचते हैं। यहां जिम, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कराटे, बॉक्सिंग और बास्केटबॉल समेत विभिन्न खेल गतिविधियां संचालित होती हैं। बताया जाता है कि प्रतिदिन करीब 500 से 1,000 खिलाड़ी और खेल प्रेमी यहां पहुंचते हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी स्टेडियम में अभ्यास करते हैं।

ऐसे में बिना वैध फायर एनओसी के स्टेडियम के संचालन को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और अन्य आगंतुकों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। खासकर 1 अगस्त को प्रस्तावित म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर स्थिति और संवेदनशील हो जाती है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों, वीवीआईपी अतिथियों, प्रसिद्ध कलाकारों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

सवाल यह उठ रहा है कि जब अग्निशमन विभाग के अनुसार स्टेडियम अभी निर्धारित फायर सेफ्टी मानकों को पूरा नहीं करता और इसी वजह से फायर एनओसी जारी नहीं की गई है, तो इतने बड़े सार्वजनिक आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था किस स्तर पर सुनिश्चित की गई है। आयोजन के दौरान किसी आपात स्थिति में हजारों लोगों की सुरक्षित निकासी और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, स्टेडियम का संचालन करने वाली कंपनी इससे पहले भी टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर चर्चा में रही है। अब अग्नि सुरक्षा मानकों में कमियां सामने आने के बाद स्टेडियम के संचालन और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर सवाल और गंभीर हो गए हैं।

फिलहाल फायर विभाग की ओर से स्टेडियम प्रबंधन को कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में निगाह इस बात पर है कि 1 अगस्त के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले अग्नि सुरक्षा से जुड़ी सभी कमियां दूर होती हैं या नहीं और क्या स्टेडियम को फायर एनओसी मिल पाती है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि सुरक्षा मानक पूरे नहीं हैं तो इतने बड़े सार्वजनिक आयोजन में आने वाले हजारों लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किस स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button