प्राधिकरण सीईओ ने उद्यमियों के साथ की बैठक, सुनी समस्याएं

अमर सैनी

नोएडा। नोएडा क्षेत्र के उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दृष्टिगत जी.बी.सी. से सम्बन्धित निवेशक एवं उद्योग सहायता समिति की बैठक मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डा. लोकेश एम की अध्यक्षता में प्राधिकरण के बैठक कक्ष में की गई। बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार खत्री सहित प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के सम्बन्धित अधिकारी एवं जिला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही, नोएडा क्षेत्र के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारीगण जैसे विपिन मलहान, अध्यक्ष नोएडा उद्यमी संघ, ललित ठुकराल, अध्यक्ष नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर एवं अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।

बैठक के दौरान औद्योगिक संगठनों द्वारा औद्योगिक सेक्टर 01 से 11 में मालवाहक ट्रकों के खड़े रहने, वेंडिंग जोन एवं अवैध अतिक्रमण के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्याओं के सम्बन्ध में अवगत कराया गया, जिसके दृष्टिगत मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने उप महाप्रबन्धक सिविल एवं पुलिस विभाग को उद्यमियों से समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। औद्योगिक सेक्टरों में विद्युत कटौती तथा सेक्टर-09 में स्ट्रीट लाइट की समस्या के संबंध में उप महाप्रबंधक विद्युत यांत्रिक तथा यूपीपीसीएल को निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। महाप्रबंधक जल एवं सीवर, महाप्रबंधक जन स्वास्थ्य, उप महाप्रबंधक सिविल तथा निदेशक उद्यान को सेक्टर-09 के पार्कों में पुरानी एवं जीर्ण-शीर्ण पानी की टंकियों, विभिन्न सेक्टरों में जलभराव, सीवर जाम तथा क्षतिग्रस्त नालियों आदि की समस्याओं के लिए स्थल निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सीईओ ने दिया आश्वासन
नोएडा उद्यमी संघ की औद्योगिक भूखंडों के हस्तांतरण एवं अंशधारिता परिवर्तन के लिए लिए जाने वाले शुल्क में एकरूपता, एफएआर से संबंधित मांग, निर्धारित नीति के अनुसार निरस्त भूखंडों की बहाली से संबंधित मांग आदि के संबंध में मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने विभागीय नीतियों की जांच करने का आश्वासन दिया। उपरोक्त के अतिरिक्त जीबीसी में भाग लेने वाले निवेशकों जैसे एम3एम इंडिया प्रा. लि., महागुन इंफ्राटेक प्रा. लि., एक्सपीरियन डेवलपर्स, जगदंबा ऑप्टिक्स प्रा. लि. लि., एक्का इलेक्ट्रॉनिक्स आदि समस्याओं को देखते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

उद्यमियों की समस्याओं का होगा समाधान
क्षेत्र के औद्योगिक संगठन एवं उद्यमियों की समस्याओं के समाधान बैठक के लिए औद्योगिक संगठनों द्वारा मुख्य कार्यपालक अधिकारी की प्रशंसा की गई तथा अंत में मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने प्राधिकरण के संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय सीमा निर्धारित कर उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए तथा इस प्रकार की बैठकें निरंतर आहूत करने के निर्देश दिए तथा बैठक में उपस्थित औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों को धन्यवाद सहित आभार व्यक्त किया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img