उत्तर प्रदेश : हापुड़ में शराब के ठेके के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, किसान यूनियन ने लोगों के साथ दिया धरना

Hapur News : (शाहरुख़ खान) पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के NH-9 स्थित पिलर नंबर 83 के सामने शराब का ठेका खुलने की योजना के खिलाफ गुरुवार को स्थानीय लोगों और किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में लोग एकजुट होकर धरने पर बैठ गए और ठेके के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना कि इस क्षेत्र में ठेका खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा और बच्चों, महिलाओं व अन्य लोगों पर बुरा असर पड़ेगा।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सभासद प्रदीप तेवतिया ने कहा कि जिस जगह पर शराब का ठेका खोला जा रहा है, उसके आसपास स्कूल, मंदिर और अस्पताल जैसी संवेदनशील जगहें मौजूद हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ठेका खुलने से छोटे बच्चों, महिलाओं और मरीजों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। प्रदीप तेवतिया ने कहा हम किसी भी कीमत पर इस ठेके को खुलने नहीं देंगे। अगर प्रशासन ने इसे खोलने की अनुमति दी, तो हम ठेके के बाहर बैठकर धरना देंगे और बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए और ठेके को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा

धरने में शामिल स्थानीय लोगों का कहना था कि NH-9 के किनारे ठेका खुलने से नशे में धुत लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाएगा। साथ ही स्कूल जाने वाले बच्चों और मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए असुरक्षित माहौल बन सकता है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की अपील की। धरने के दौरान किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने भी स्थानीय लोगों का समर्थन करते हुए ठेके के खिलाफ नारेबाजी की।

पुलिस को सौंपा ज्ञापन

मामले की जानकारी मिलने पर पिलखुवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने के लिए प्रेरित किया। पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी मान गए और उन्होंने एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें ठेके को न खोलने की मांग की गई। पटनीश कुमार ने बताया, प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन सौंपा है, जिसे उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। उन्हें समझाकर वापस भेज दिया गया है। उच्च अधिकारियों से आदेश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img