Home Blog Page 17

Noida Fire: 20वीं मंजिल पर तारों में लगी आग से मची अफरातफरी, बड़ा हादसा टला

Noida Fire: 20वीं मंजिल पर तारों में लगी आग से मची अफरातफरी, बड़ा हादसा टला

नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित मिग्शन अल्टीमो सोसाइटी में गुरुवार रात 20वीं मंजिल के कॉमन एरिया में बिजली के तारों में आग लगने से अफरातफरी मच गई। हालांकि, सोसाइटी के निवासियों और सुरक्षा कर्मचारियों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार, टावर-3 के 20वें फ्लोर के कॉमन एरिया में बिजली के तारों में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। लेकिन उससे पहले ही स्थानीय लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने मिलकर आग बुझा दी थी।

घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है और इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।

सोसाइटी के लोगों ने फायर सेफ्टी सिस्टम की तत्काल जांच, आवश्यक मरम्मत और नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Noida Airport Expressway: 22 गांवों की 80 करोड़ की जमीन NHAI को देगा नोएडा प्राधिकरण, 4 हजार करोड़ की परियोजना को मिली रफ्तार

Noida Airport Expressway: 22 गांवों की 80 करोड़ की जमीन NHAI को देगा नोएडा प्राधिकरण, 4 हजार करोड़ की परियोजना को मिली रफ्तार

नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज और निर्बाध कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नोएडा प्राधिकरण अपने क्षेत्र के 22 गांवों की करीब 80 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को निशुल्क उपलब्ध कराएगा। इसी जमीन पर प्रस्तावित एलिवेटेड एयरपोर्ट एक्सप्रेसवे के पिलर बनाए जाएंगे। लगभग 50 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का करीब 27 किलोमीटर हिस्सा नोएडा क्षेत्र से होकर गुजरेगा।

करीब 4 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह छह लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे दिल्ली-एनसीआर और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच यात्रा को तेज और सुगम बनाएगा। परियोजना का एलाइनमेंट सेक्टर-44, सेक्टर-99, सेक्टर-101, सेक्टर-109 के अलावा वाजिदपुर, झट्टा, बदौली बांगर, कोंडली, गढ़ी, मोमनाथन समेत 22 गांवों से होकर गुजरेगा। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के तीन गांव भी इस परियोजना का हिस्सा होंगे।

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एनएचएआई को आवश्यक भूमि निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि परियोजना निर्धारित समय में पूरी हो और दिल्ली-एनसीआर के लोगों को जल्द बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

सिंचाई विभाग से पुश्ता पर निर्माण की अनुमति नहीं मिलने के बाद परियोजना के एलाइनमेंट में बदलाव किया गया है। अब एक्सप्रेसवे को पुश्ता से लगभग पांच मीटर दूर नोएडा की ओर बनाया जाएगा। आगे चलकर इसे यमुना किनारे प्रस्तावित 120 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा जाएगा।

इस एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद मयूर विहार, अक्षरधाम, पड़पड़गंज, कालिंदी कुंज और सरिता विहार के लोगों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज और सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं मंझावली पुल के माध्यम से फरीदाबाद और हरियाणा के लोगों को भी एयरपोर्ट तक आसानी से पहुंचने का विकल्प मिलेगा।

प्राधिकरण के अनुसार, एलाइनमेंट फाइनल होने के बाद अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इसके बाद मिट्टी की भार क्षमता का आकलन करने के लिए सॉयल टेस्ट कराया जाएगा। निर्माण कार्य और भविष्य में एक्सप्रेसवे के रखरखाव की जिम्मेदारी एनएचएआई की होगी।

Uttarakhand : कांवड़ यात्रा-2026: सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे एडीजी लॉ एंड ऑर्डर

Haridwar/Dehradun : कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वी. मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था ने आज जनपद हरिद्वार पहुंचकर आज हरिद्वार पहुँचकर संपूर्ण सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी महोदय ने सीसीआर स्थित ‘मेला कंट्रोल रूम’ का भ्रमण किया और सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम के माध्यम से जनपद के विभिन्न संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों तथा कांवड़ पटरी मार्गों की मौजूदा स्थिति व यातायात व्यवस्था की जानकारी ली।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने एडीजी महोदय को वर्तमान यातायात एवं डायवर्जन प्लान, राष्ट्रीय राजमार्ग व कांवड़ पटरी की स्थिति तथा अब तक गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों को रवाना हो चुके श्रद्धालुओं की संख्या के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

एडीजी महोदय ने डाक कांवड़ के दृष्टिगत बढ़ने वाली श्रद्धालुओं एवं वाहनों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए *यातायात व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी* बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार एवं पुलिस अधीक्षक यातायात को डाक कांवड़ के अनुरूप आवश्यकतानुसार ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान को समय से प्रभावी करने तथा विभिन्न पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुगम एवं व्यवस्थित निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात का सुचारू संचालन, भीड़ प्रबंधन एवं प्रमुख मार्गों पर सतत निगरानी बनाए रखते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय एवं समन्वित रखी जाएं।

Uttarakhand : खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 1 घायल

Pauri : पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर शुक्रवार को कुंडधार के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र निवासी ठेकेदार की बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में ठेकेदार, उसकी पत्नी, दो बच्चे और छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को रेस्क्यू कर बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया है।

हादसा शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे हुआ। थाना देवप्रयाग पुलिस को सूचना मिली कि पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के पास एक वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीमों के अनुसार बोलेरो वाहन संख्या UK08 BL 0387 सड़क से लगभग 250 मीटर नीचे खाई में गिरा था। खाई बेहद गहरी और दुर्गम होने के कारण टीमों को घायलों और शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस के मुताबिक वाहन में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अफजाल उम्र 49 वर्ष पुत्र अकबर सूफी, शब्बो उम्र 40 वर्ष पत्नी अफजाल, अन्नाविया उम्र 3 वर्ष पुत्री अफजाल, शादाब उम्र 14 वर्ष पुत्र अफजाल और गुफरान उम्र 34 वर्ष पुत्र अकबर के रूप में हुई है। सभी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, हरिद्वार के निवासी थे।

घायल अरमान पुत्र अफजाल को उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अफजाल पौड़ी क्षेत्र में ठेकेदारी का काम करता था और शुक्रवार सुबह परिवार को घुमाने के लिए पौड़ी जा रहा था। बताया जा रहा है कि बोलेरो अफजाल स्वयं चला रहा था। कुंडधार के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सीधे खाई में जा गिरा।

हादसे की खबर के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। पुलिस और एसडीआरएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू किया। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की सूचना के बाद लक्सर के रायपुर जीतपुर गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Uttar Pradesh : बुलंदशहर में समरसता का संदेश लेकर खुर्जा पहुंची कलश वंदन यात्रा, विधायक मीनाक्षी सिंह ने सिर पर रखकर किया शुभारंभ

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित “समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी युक्त कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ शुक्रवार को खुर्जा विधानसभा से हुआ।

यात्रा का शुभारंभ खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह ने पावन माटी युक्त कलश को सिर पर धारण कर किया। यह यात्रा मुंडाखेड़ा मंडल के ग्राम धरपा, केरला, बिरौली से शुरू होकर रोडवेज वाल्मीकि मंदिर, किला, मवई, जेवर अड्डा, संत रविदास मंदिर, सिटी स्टेशन और नेहरूपुर गांव सहित विभिन्न स्थानों से गुजरी। मार्ग में ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर अभियान संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री संतोष वाल्मीकि, सहसंयोजक एवं जिला मंत्री गौरव मित्तल, ऋषभ पंडित, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह ने कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज ने अपने जीवन से समाज को समरसता, समानता और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उनकी जन्मस्थली की पावन माटी का यह कलश जन-जन के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भाजपा इस अभियान के माध्यम से उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। यह यात्रा सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को और सशक्त बनाएगी।

अभियान संयोजक संतोष वाल्मीकि ने बताया कि कलश वंदन यात्रा आगामी दिनों में जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से संत गुरु रविदास जी महाराज के समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। प्रत्येक गांव और नगर में मिल रहा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि समाज इस अभियान से जुड़ रहा है।

अंत में उपस्थित सभी लोगों ने संत गुरु रविदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए समरस, समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

Bihar : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोदाम से 143 किलो गांजा बरामद, कीमत करीब 71 लाख, एक तस्कर गिरफ्तार

Kaimur (मृत्युंजय) : जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दुर्गावती थाना क्षेत्र के मधुरा गांव स्थित एक गोदाम से पुलिस ने 143.04 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 71 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

शुक्रवार को दुर्गावती थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में मोहनियां के प्रभारी डीएसपी दयानंदन कुमार ने बताया कि 6 अगस्त 2026 को शाम करीब चार बजे गुप्त सूचना मिली थी कि मधुरा गांव में अशोक सिंह के गोदाम में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। दंडाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी दुर्गावती अभिषेक कुमार की मौजूदगी में गोदाम की घेराबंदी कर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान गोदाम से 28 बंडलों में रखा कुल 143.04 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से अशोक सिंह पिता स्वर्गीय फौजदार सिंह निवासी मधुरा थाना दुर्गावती जिला कैमूर को गिरफ्तार कर लिया।

प्रभारी डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दुर्गावती थाना कांड संख्या 325/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Bihar : आय से 62 लाख से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में DPO अजीत अमर के 4 ठिकानों पर EOU की छापेमारी

Saharsa (मृत्युंजय) : आर्थिक अपराध इकाई EOU ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सहरसा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी DPO अजीत अमर के खिलाफ शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। EOU की टीम ने एक साथ चार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।

जानकारी के अनुसार टीम ने सीवान जिले के रैनी गांव स्थित पैतृक आवास, सहरसा के नया बाजार में स्थित किराए के मकान, सहरसा स्थित सरकारी कार्यालय और छपरा की गंडक कॉलोनी में स्थित सरकारी आवास पर एक साथ तलाशी ली।

EOU की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजीत अमर ने अपनी ज्ञात आय से 62 लाख 20 हजार 550 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। यह उनकी वैध आय से लगभग 72.35 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। जांच एजेंसी के अनुसार 32 महीने की सेवा अवधि में अजीत अमर और उनकी पत्नी के बैंक खातों में 2 करोड़ 51 लाख 6 हजार 562 रुपये का लेन-देन हुआ है।

बताया जा रहा है कि अजीत अमर करीब छह महीने पहले छपरा से स्थानांतरित होकर सहरसा आए थे। छपरा में पदस्थापन के दौरान भी उन पर गंभीर आरोप लगे थे।

फिलहाल EOU की टीम सभी ठिकानों से दस्तावेज और संपत्तियों से संबंधित साक्ष्य जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

Uttar Pradesh : 95 वर्षीय दादी की हरिद्वार जाने की इच्छा पूरी करने को 25 पोते बने श्रवण, पालकी में उठाकर लाए कांवड़

Hapur News : सावन महीने में जब चारों ओर कांवड़ियों की भीड़ और डीजे की गूंज सुनाई दे रही है, तभी हापुड़ के मेरठ रोड पर एक अलग ही तस्वीर लोगों को भावुक कर गई। यहां 95 साल की सोनदेवी पालकी में बैठी भोले के जयकारे लगा रही थीं और उनके 25 पोते बारी-बारी से पालकी को कंधे पर लेकर चल रहे थे।

दरअसल, बुलंदशहर के हसनपुर जागीर की सोनदेवी की बरसों पुरानी इच्छा थी कि वे हरिद्वार जाकर मां गंगा में डुबकी लगाएं और कांवड़ यात्रा में शामिल हों। उम्र के कारण अकेले उनके लिए यह संभव नहीं था। ऐसे में परिवार के युवाओं ने उनकी इच्छा को अपना धर्म मान लिया। ‘महाकाल ग्रुप’ के बैनर तले सभी पोते दादी को हरिद्वार ले गए, वहां गंगा स्नान कराया और अब जल लेकर पालकी में बैठाकर वापस गांव लौट रहे हैं।

सड़क से गुजरते राहगीर इस नजारे को देखकर रुक गए। लोगों ने कहा कि आज के दौर में परिवार का ऐसा समर्पण कम ही देखने को मिलता है। पोतों का कहना है कि प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं से यात्रा सुगम हुई है और रास्ते में किसी तरह की दिक्कत नहीं आई।

श्रद्धा, सेवा और पारिवारिक एकजुटता की यह मिसाल सावन की कांवड़ यात्रा में सबसे अलग और प्रेरणादायक दृश्य बनकर सामने आई है।

Bihar : प्रजातंत्र चौक पर महिला सिपाही से अभद्रता, दो युवक हिरासत में, शराबबंदी पर उठे सवाल

Nawada (मृत्युंजय) : शहर के प्रजातंत्र चौक के पास महिला सिपाही के साथ अभद्रता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वर्दी में मौजूद महिला सिपाही के साथ दो युवक कथित रूप से बदसलूकी और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक नशे की हालत में थे और महिला सिपाही से उलझ गए। वीडियो में महिला सिपाही युवकों को डांटते हुए कहती सुनाई दे रही है कि तुम मर्दों से जाकर लड़ो, महिला पर क्यों आ रहे हो। इसके बावजूद दोनों युवक मौके पर हंगामा करते रहे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने बताया कि दोनों की शराब के नशे में होने की जांच कराई जा रही है। आरोप है कि नशे में धुत होकर युवकों ने सरकारी काम में बाधा डालते हुए महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित महिला सिपाही नवादा में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जानी जाती हैं और उन्हें जिला प्रशासन की ओर से कई बार सम्मानित किया जा चुका है।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बिहार में लागू शराबबंदी कानून को लेकर बहस छिड़ गई है। यूजर्स ने सवाल उठाया है कि अगर शराबबंदी प्रभावी है तो सार्वजनिक स्थानों पर नशे की हालत में लोग कैसे पहुंच रहे हैं। लोगों ने महिला सिपाही के साथ हुई घटना की निंदा करते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Bihar : गंडक और पहाड़ी नदियों के उफान से दर्जनों गांव जलमग्न, जनजीवन अस्त-व्यस्त

West Champaran (मृत्युंजय) : जिले के कई प्रखंडों में पहाड़ी नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गंडक नदी में पानी बढ़ने से बगहा के लक्ष्मीपुर पंचायत के चकदहवा गांव में घरों में पानी घुस गया है। लोग अपना सामान लेकर ऊंची जगहों की ओर पलायन कर रहे हैं।

योगापट्टी और नौतन प्रखंड में गंडक के बढ़े पानी से कई जगह सड़कें धंस गई हैं और बांध टूटने से दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है। योगापट्टी के चौमुख पंचायत में कच्ची सड़कों पर पानी भर जाने के बाद ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चंदा इकट्ठा कर एक लंबा चचरी पुल बनाया है।

रामनगर प्रखंड की स्थिति सबसे गंभीर है। यहां बनकटवा, करमइया और नौरंगिया पंचायतों के 22 गांव हर बारिश के बाद आधा दर्जन नदियों के उफान के बीच फंस जाते हैं। मजबूरी यह है कि आज तक इन नदियों पर पुल नहीं बना है। बरसात से पहले लोग घर का जरूरी सामान पहले से खरीदकर रख लेते हैं, लेकिन आपात स्थिति में नदी पार करना उनके लिए जीवन और मौत के बीच का संघर्ष बन जाता है। रामनगर के पथरी और चुड़ीहरवा के बीच नदी में उफान के दौरान लोगों को चार-चार घंटे किनारे बैठकर अन्य राहगीरों के इकट्ठा होने का इंतजार करना पड़ता है, ताकि एक-दूसरे के सहारे नदी पार की जा सके।

नौतन के बैरिया क्षेत्र में गंडक के पानी से सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। रामनगर में कापन, हारहा, खुर्द और मसान नदी भी उफान पर हैं। जिला प्रशासन ने प्राकृतिक आपदा से संबंधित जानकारी के लिए सहायता नंबर जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार रामरेखा और हारहा नदी में डूबने से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।

नदियों के रौद्र रूप से रामनगर, बगहा, योगापट्टी और नौतन प्रखंड के गांवों में सड़कें टूटी हैं, संपर्क मार्ग जलमग्न हैं और खेत पानी में डूबे हैं। ग्रामीणों ने पुल और पक्के संपर्क मार्ग की मांग की है ताकि हर साल आने वाली इस मुसीबत से राहत मिल सके।