Home Blog Page 13

Palang Tod: ग्रेटर नोएडा एक्सपो में छाई शामली की ‘पलंग तोड़’ मिठाई, स्टॉल पर उमड़ी भीड़

Palang Tod: ग्रेटर नोएडा एक्सपो में छाई शामली की ‘पलंग तोड़’ मिठाई, स्टॉल पर उमड़ी भीड़

नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित चार दिवसीय इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (आईएचई) में देशभर के पारंपरिक व्यंजन और खाद्य उत्पाद लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के शामली जिले की प्रसिद्ध ‘पलंग तोड़’ मिठाई इस बार प्रदर्शनी का खास आकर्षण बनी हुई है। अनोखे नाम और स्वाद के कारण इस मिठाई के स्टॉल पर सुबह से शाम तक लोगों की भीड़ जुट रही है।

एक्सपो में होटल, रेस्तरां, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग और पारंपरिक खाद्य उत्पादों से जुड़े सैकड़ों स्टॉल लगाए गए हैं। आधुनिक खाद्य तकनीकों और नए उत्पादों के बीच शामली की ‘पलंग तोड़’ मिठाई अपनी पारंपरिक पहचान और खास स्वाद के कारण अलग पहचान बना रही है। प्रदर्शनी में पहुंच रहे देश-विदेश के खरीदार, होटल व्यवसायी और खाद्य उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ भी इस पारंपरिक मिठाई में रुचि दिखा रहे हैं।

एक जनपद एक व्यंजन योजना में शामिल है मिठाई

शामली की यह पारंपरिक मिठाई वर्षों से अपनी अलग पहचान रखती है। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना में भी इसे शामिल किया गया है। इसे विशेष विधि से तैयार किया जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी मुलायम बनावट और अलग स्वाद है। मिठाई मुख्य रूप से खोया, शुद्ध देसी घी और शक्कर से तैयार की जाती है। कुछ स्थानों पर इसमें चीनी की जगह गुड़ का भी इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और अलग हो जाता है।

एक्सपो में आने वाले कई लोगों ने बताया कि उन्होंने ‘पलंग तोड़’ मिठाई का नाम पहली बार सुना था। अनोखे नाम ने उनकी उत्सुकता बढ़ाई और स्वाद चखने के बाद उन्होंने मिठाई खरीदना भी पसंद किया। कई आगंतुक इसे अपने परिवार और परिजनों के लिए भी खरीदकर ले जा रहे हैं।

बिना दांत वाले बुजुर्ग भी आसानी से खा सकते हैं

स्टॉल संचालक राकेश गर्ग ने बताया कि ‘पलंग तोड़’ मिठाई की सबसे बड़ी विशेषता इसकी बेहद मुलायम बनावट है। यही वजह है कि बिना दांत वाले बुजुर्ग भी इसे आसानी से खा सकते हैं। इसे सीधे खाने के अलावा गर्म दूध में मिलाकर भी खाया जा सकता है। दूध के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है, इसलिए यह बच्चों और बुजुर्गों को भी पसंद आ रही है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से क्षेत्रीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को बड़े बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलता है। एक्सपो में देश-विदेश से आए खरीदारों और खाद्य उद्योग से जुड़े लोगों की मौजूदगी से शामली की इस पारंपरिक मिठाई को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

 

Murder Case: पत्नी की मौत के बाद फरार आरोपी गिरफ्तार, विवाद के दौरान लगी थी चोट

Murder Case: पत्नी की मौत के बाद फरार आरोपी गिरफ्तार, विवाद के दौरान लगी थी चोट

नोएडा। एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने पत्नी की गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित आरोपी को शनिवार को सेक्टर-168 स्थित छपरौली टी-प्वाइंट के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान झारखंड के साहिबगंज निवासी 40 वर्षीय ढेना लोहरा के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, ढेना लोहरा सेक्टर-168 स्थित निम्बस अरिस्टा के लेबर कैंप की झुग्गी में अपनी पत्नी गीता कुमारी के साथ रहता था। 31 जुलाई को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसमें गीता को गंभीर चोट लग गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मृतका के परिजनों की ओर से एक अगस्त को एक्सप्रेसवे थाने में शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी।

छपरौली टी-प्वाइंट के पास घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ढेना लोहरा सेक्टर-168 क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छपरौली टी-प्वाइंट के पास घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के दौरान हुए विवाद, मारपीट और गीता की मौत की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

Car Accident: सेक्टर-79 चौराहे पर दो कारों की टक्कर, एक वाहन क्षतिग्रस्त

Car Accident: सेक्टर-79 चौराहे पर दो कारों की टक्कर, एक वाहन क्षतिग्रस्त

नोएडा। सेक्टर-79 चौराहे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद पीड़िता ने सेक्टर-113 थाने में शिकायत देकर आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सेक्टर-128 निवासी आस्था के मुताबिक, वह सात अगस्त की सुबह करीब 10 बजे अपनी कार से टेकजोन-4 की ओर जा रही थीं। जब वह सेक्टर-79 चौराहे पर पहुंचीं, तभी सामने से आ रही एक कार के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी कार में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पीड़िता ने घटना की शिकायत सेक्टर-113 थाना पुलिस से की और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Yamuna Expressway: तेज रफ्तार कार गोल चक्कर पर चढ़ी, कई बार पलटने के बाद सड़क पर गिरी; चालक गंभीर

Yamuna Expressway: तेज रफ्तार कार गोल चक्कर पर चढ़ी, कई बार पलटने के बाद सड़क पर गिरी; चालक गंभीर

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गोल चक्कर पर चढ़ गई। कार कई बार पलटने के बाद सड़क पर जा गिरी। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को कार से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक, बुलंदशहर के नूरपुर गांव निवासी रामसिंह किसी काम से दनकौर आए थे। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे वह कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर गोल चक्कर के पास सामने चल रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया।

तेज रफ्तार होने के कारण कार अनियंत्रित होकर गोल चक्कर के ऊपर चढ़ गई। इसके बाद कार कई बार पलटी खाते हुए सड़क पर उलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।

कार में फंसे चालक को पुलिस ने बाहर निकाला

सूचना मिलते ही दनकौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण रामसिंह उसमें फंस गए थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की हालत गंभीर है और उसका उपचार किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सके।

Noida: सेक्टर-105 में सफाई और पौधारोपण अभियान, बारिश के बीच झट्टा अंडरपास समेत कई इलाकों का निरीक्षण

Noida: सेक्टर-105 में सफाई और पौधारोपण अभियान, बारिश के बीच झट्टा अंडरपास समेत कई इलाकों का निरीक्षण

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश के निर्देश पर शनिवार को सेक्टर-105 में सफाई और पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान में स्थानीय सेक्टरवासियों के साथ स्कूली बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सेक्टर-105 के सेंट्रल पार्क में जमा कूड़े को हटाकर पार्क को पूरी तरह कचरा मुक्त किया गया। सफाई अभियान के दौरान करीब 160 किलोग्राम कूड़ा बाहर निकाला गया।

अभियान में दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस अनीश दयाल और भारत सरकार के पूर्व गृह सचिव एवं पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार भी शामिल हुए। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दीपक दत्तात्रेय के साथ नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के निदेशक आनंद मोहन सिंह और उप निदेशक प्रशान्त सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पार्क की सफाई के साथ पौधारोपण भी किया गया।

बारिश के बाद झट्टा अंडरपास का निरीक्षण

लगातार हो रही बारिश के बीच नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) एके अरोड़ा ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आवासीय, संस्थागत और औद्योगिक क्षेत्रों में जाकर बारिश के बाद की स्थिति का जायजा लिया।

अत्यधिक बारिश के कारण झट्टा अंडरपास के आसपास जमीन का जलस्तर बढ़ गया था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने मौके पर तत्काल पानी निकालने वाला पंप चालू कराया। इसके साथ ही झट्टा अंडरपास से वाहनों और लोगों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

कई सेक्टरों में नहीं मिला जलभराव

निरीक्षण टीम ने औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के मुख्य मार्गों का भी जायजा लिया। यहां किसी भी स्थान पर जलभराव नहीं मिला। इसके बाद टीम ने सेक्टर-148, 150, 152 और ग्राम सफीपुर का निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक एके अरोड़ा ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कहीं भी जलभराव की स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर टास्क फोर्स के माध्यम से समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक रोहित सिंह, वर्क सर्किल-7 के वरिष्ठ प्रबंधक डीएल वर्मा, प्रबंधक मनीषा सिंह और संबंधित अवर अभियंता भी मौजूद रहे।

 

Bihar : पुल नहीं तो मजबूरी में नदी पार कर रहे ग्रामीण, जान पर बन आई

Nawada (मृत्युंजय) : गोविंदपुर प्रखंड के पिपरा, डेलुआ, महावरा और शेखूपुर गांव के लोगों के लिए बारिश के दिनों में सकरी नदी जानलेवा बन गई है। नदी में तेज बहाव के बावजूद ग्रामीण, स्कूली बच्चे और बाइक सवार रोजाना डर-डर कर पानी के बीच से होकर आवागमन कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यह उनकी मजबूरी है। आसपास कोई नजदीकी बाजार नहीं है और झारखंड होकर जाने पर प्रति व्यक्ति लगभग 200 रुपये का खर्च आता है। इसलिए शॉर्टकट के लिए लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इसी घाट पर पहले भी हादसों में लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक आवागमन पर कोई रोक नहीं लगाई गई है।

स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब बारिश के बाद नदी उफान पर होती है। इसके बावजूद बच्चे स्कूल जाने और लोग काम के लिए इसी रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।

राहत की बात यह है कि महावरा घाट पर 600 मीटर लंबे पुल का निर्माण अक्टूबर 2025 से शुरू हो चुका है। करीब 54 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल के 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है। तब तक इन चार गांवों के हजारों लोगों को हर रोज अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी होगी।

Bihar : स्कूल वाहन की आड़ में गांजा तस्करी का पर्दाफाश, 41 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

Madhubani (मृत्युंजय) : जिले के औंसी थाना क्षेत्र में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूल वाहन की आड़ में हो रही गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने “विद्यालय वाहन” लिखे एक मैजिक वाहन से 41 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी रहिका की तरफ से आ रहे संदिग्ध मैजिक वाहन की तलाशी के दौरान हुई। वाहन पर “विद्यालय वाहन” लिखा होने के कारण पहले नजर में उस पर शक नहीं हुआ, लेकिन जांच के लिए रोके जाने पर तलाशी में 41 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।

औंसी थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुबनी के क्यामचक गांव निवासी महेश यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्कर से गांजे की खरीद और सप्लाई के नेटवर्क के बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था।

इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Uttar Pradesh : हापुड़ में बच्चों की कहासुनी बनी हिंसा, दो पक्षों में मारपीट-पथराव, पांच घायल

Hapur News : हापुड़ में धौलाना थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव लालपुर में बच्चों के बीच मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। इस घटना में दोनों पक्षों के मिलाकर पांच लोग घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित पक्ष के नजरु ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोस में रहने वाले आलिम के बच्चों ने पहले उनके बच्चों से मारपीट की थी। विरोध करने पर आलिम पक्ष के कई लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर उनके घर पहुंच गए और घर के सदस्यों पर हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता भी की गई और बीच-बचाव करने वालों को चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष ने भी अपने साथ मारपीट होने की शिकायत पुलिस को सौंपी है।

सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्र ने बताया कि बच्चों के विवाद के बाद गांव लालपुर में दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Uttar Pradesh : हापुड़ में इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, पूर्व प्रधानाचार्य के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज

Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव अल्लीपुर स्थित एक इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पर कक्षा 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। पीड़ित छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानाचार्य और उसके साथी पूर्व प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी सबसे छोटी पुत्री अल्लीपुर के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ती है। आरोप है कि 9 जुलाई को सुबह करीब साढ़े आठ बजे दूसरे घंटे में कॉलेज के प्रधानाचार्य महेशचंद्र शर्मा, निवासी आनंदलोक त्यागीनगर हापुड़, ने छात्रा को चॉकलेट देने के बहाने अपने ऑफिस में बुलाया। चॉकलेट लेने से मना करने पर प्रधानाचार्य ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद छात्रा किसी तरह ऑफिस से बाहर निकलकर घर आई।

पीड़ित के अनुसार घटना के चार-पांच दिन बाद आरोपी ने छात्रा को नए कपड़े दिलाने और अन्य प्रलोभन भी दिए, जिससे छात्रा और अधिक डर गई। उसने घर पहुंचकर अपनी मझली बहन को पूरी बात बताई और कॉलेज से नाम कटवाने की इच्छा जताई। 18 जुलाई को पिता और पुत्री ने कॉलेज प्रबंधक को आरोपी के खिलाफ प्रार्थना पत्र सौंपा। आरोप है कि इसके बाद से आरोपी कॉलेज नहीं आया और प्रबंध समिति ने भी कोई कार्रवाई नहीं की।

तहरीर में यह भी कहा गया है कि प्रधानाचार्य ने अपने मित्र पूर्व प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा, निवासी गांव बछलौता, के माध्यम से परिवार पर दबाव बनवाया। आरोप है कि राजकुमार शर्मा ने फोन कर छात्रा को समाज में बदनाम करने और उसकी शादी न होने देने की धमकी दी।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर महेशचंद्र शर्मा और राजकुमार शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Greater Noida: भूजल दोहन और मिलावटी खाद्य सामग्री के विरोध में करप्शन फ्री इंडिया का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Greater Noida: भूजल दोहन और मिलावटी खाद्य सामग्री के विरोध में करप्शन फ्री इंडिया का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में लगातार बढ़ रहे भूजल दोहन और बाजारों में खुलेआम बिक रही मिलावटी खाद्य सामग्री के विरोध में करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी अरुण कुमार को सौंपते हुए तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन का कहना है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा असर आम जनता के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ेगा।

संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने आरोप लगाया कि गौतमबुद्ध नगर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में निजी बिल्डरों द्वारा बड़े पैमाने पर भूजल का दोहन किया जा रहा है। इससे प्राकृतिक जल स्रोत लगातार प्रभावित हो रहे हैं और भविष्य में गंभीर जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उनका कहना है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद जिला प्रशासन और भूजल विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नकली दूध, घी, पनीर, खोया, मिठाइयों सहित अन्य मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है। इन खाद्य पदार्थों के सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए यह स्थिति अधिक चिंताजनक है।

संगठन के सदस्य मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि दादरी, सूरजपुर, बिलासपुर, दनकौर, रबूपुरा, जेवर, नोएडा के विभिन्न सेक्टरों, ग्रेटर नोएडा, तुगलपुर, कासना, जगत फार्म सहित जनपद के कई इलाकों में मिलावटी खाद्य सामग्री धड़ल्ले से बेची जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों से नियमित जांच अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

संगठन ने बताया कि यह प्रदर्शन ‘अगस्त क्रांति 2026’ अभियान का हिस्सा है। पूरे अगस्त महीने के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन किए जाएंगे।

प्रदर्शन में बलराज हूंन, दिनेश मास्टर, शिवकुमार कसाना, प्रेमराज भाटी, दुलीचंद नागर, पवन यादव, लखमी पंडित, आकाश नागर, जग्गू प्रमुख, कमल नागर, राजे नागर, नबाब सिंह नागर, सुशील नागर, नितिन नागर, मोहित नागर, महेश नागर, निशांत तिवारी, तेजवीर चौहान, विजय प्रताप, मलखान यादव, वरुण नागर, शेखर नागर, शादीराम, हुकुम सिंह, पुष्पेंद्र पंडित, राजपाल भाटी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।