Noida Yamuna Pushta Road: नोएडा में 12 साल बाद यमुना पुश्ता सड़क की मरम्मत, 34.18 करोड़ की परियोजना से 11.20 किमी मार्ग होगा दुरुस्त
Noida Yamuna Pushta Road: नोएडा में 12 साल बाद यमुना पुश्ता सड़क की मरम्मत, 34.18 करोड़ की परियोजना से 11.20 किमी मार्ग होगा दुरुस्त
नोएडा: लंबे इंतजार के बाद यमुना मार्जिनल बंध पर बनी चार लेन सड़क की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। करीब 12 साल बाद इस महत्वपूर्ण सड़क को दुरुस्त किया जाएगा। 11.20 किलोमीटर लंबी इस सड़क के पुनर्निर्माण पर लगभग 34.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और मई महीने से काम शुरू होने की संभावना है, जिसे लगभग तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह सड़क यमुना नदी के किनारे बने तटबंध पर स्थित है और ग्राम असगरपुर, रायपुर, नगला नगली और नगला बाजिदपुर समेत कई गांवों को जोड़ती है। बाढ़ की स्थिति में यह सड़क सुरक्षा तटबंध के रूप में भी काम करती है और इसी पर अस्थायी राहत शिविर लगाए जाते हैं। वर्ष 2014 में इस सड़क का निर्माण सिंचाई विभाग ने नोएडा प्राधिकरण की वित्तीय सहायता से कराया था।
समय के साथ भारी यातायात और लगातार बारिश के कारण सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। जगह-जगह गड्ढे बनने और सिटी साइड लेन में पानी रिसाव तथा ड्रेनेज पाइप जाम होने से सड़क धंसने की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राधिकरण के जीएम ए.के. अरोड़ा के अनुसार, स्वीकृत परियोजना के तहत सड़क की पूरी लंबाई में व्यापक मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसमें क्रैश बैरियर लगाना, आरसीसी ड्रेन शूट, गेबियन ग्राउटिंग, बेहतर जल निकासी व्यवस्था, जीएसबी, डीबीएम, बिटुमिनस कंक्रीट और रोड पेंटिंग जैसे काम शामिल हैं।
अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग से जुड़े गांवों और सेक्टरों के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही यह सड़क बाढ़ के समय पहले से ज्यादा मजबूत सुरक्षा तटबंध के रूप में काम करेगी।