Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव में पंचायत का सख्त फैसला, डीजे बैन तोड़ने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव में पंचायत का सख्त फैसला, डीजे बैन तोड़ने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार

ग्रेटर नोएडा: दनकौर क्षेत्र के नवादा गांव में पंचायत के एक सख्त फैसले ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। गांव में पहले से लागू डीजे प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर एक परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया। पंचायत के इस निर्णय के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे गांव में मुनादी कराकर लोगों को इसकी जानकारी दी गई।

जानकारी के अनुसार, गांव में करीब दो महीने पहले सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया था कि शादी समारोहों में डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी, ताकि सामाजिक शांति और पारंपरिक व्यवस्था बनी रहे। इसके बावजूद गांव निवासी राजीव नागर ने अपने बेटे की शादी में सोमवार रात डीजे बजवाया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।

मामले को लेकर मंगलवार को पंचायत बुलाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पंचायत में पूर्व प्रधानाचार्य नरपत नागर और ग्राम प्रधान राजे सिंह नागर ने कहा कि सामूहिक निर्णय का पालन करना हर ग्रामीण की जिम्मेदारी है और इसकी अनदेखी गांव की एकता के खिलाफ है।

लंबी चर्चा के बाद पंचायत ने सर्वसम्मति से राजीव नागर और उनके परिवार के सामाजिक बहिष्कार का फैसला सुनाया। निर्णय के तहत अब गांव का कोई भी व्यक्ति उनके परिवार को शादी-विवाह या अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में निमंत्रण नहीं देगा और न ही उनके आयोजनों में शामिल होगा।

पंचायत के इस फैसले को सार्वजनिक करने के लिए ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे गांव में मुनादी कराई गई। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे और फैसले का समर्थन किया।

इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में पंचायत के इस सख्त कदम को लेकर चर्चा तेज हो गई है, जहां कुछ लोग इसे सामाजिक अनुशासन बनाए रखने का प्रयास मान रहे हैं, तो कुछ इसे कठोर फैसला बता रहे हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img