Noida Crime: नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा, 6 गिरफ्तार, नौकरी के नाम ठगी

Noida Crime: नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा, 6 गिरफ्तार, नौकरी के नाम ठगी
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा के थाना सेक्टर 113 पुलिस ने एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है, जो देश-विदेश में लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये वसूलता था। इस कार्रवाई में पुलिस ने 2 पुरुष और 4 महिलाएं समेत कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर “WE ARE HIRING” के फर्जी विज्ञापन डालकर भोले-भाले लोगों को फंसाता था और उनके साथ ठगी करता था।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि गिरोह सेक्टर-73 स्थित एक ऑफिस से संचालन कर रहा था। आरोपी लोगों को विदेशों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 40 हजार से लेकर 60 हजार रुपये तक वसूलते थे। ठगी के इस पूरे नेटवर्क का रहस्य तब उजागर हुआ जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली और तत्परता दिखाते हुए थाना सेक्टर 113 की टीम ने छापेमारी की।
पुलिस ने आरोपीयों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, कई चार्जर, केबल, मोहरे, चेकबुक और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं, जो इस गिरोह की आपराधिक गतिविधियों का सबूत हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई और ठगी के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह गिरोह लंबे समय से लोगों को ठग रहा था।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर युवाओं और नौकरी की तलाश में लगे लोगों को निशाना बनाया। इसके अलावा आरोपी कई बार विदेश जाने का झांसा देकर पीड़ितों को मानसिक और आर्थिक तौर पर भी परेशान करते थे।
थाना सेक्टर 113 पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब अन्य संभावित पीड़ितों तक पहुँचने और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।





