Noida Suspicious Death: नोएडा में संदिग्ध हालात में 8वीं मंज़िल से गिरकर युवक की मौत, दो साथी हिरासत में

Noida Suspicious Death: नोएडा में संदिग्ध हालात में 8वीं मंज़िल से गिरकर युवक की मौत, दो साथी हिरासत में

रिपोर्ट: अमर सैनी

नोएडा के सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक नॉर्थ आई सोसाइटी में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। यहां 29 वर्षीय युवक शुभम कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में 8वीं मंज़िल से गिरकर मौत हो गई। मृतक शुभम कुमार अलीगढ़ जिले के हरदुआगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ढसन्ना का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, शुभम शनिवार रात अपने दो दोस्तों के साथ पार्टी करने नोएडा आया था और सोसाइटी के एक फ्लैट में रुका हुआ था। रविवार सुबह करीब आठ बजे अचानक वह फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गया।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंची और शुभम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है और मृतक के दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि शुभम की इन दोनों युवकों से पहचान एक ऑनलाइन ऐप के ज़रिए हुई थी, जिसके बाद तीनों ने मिलने और पार्टी करने का प्लान बनाया था। पुलिस फिलहाल सोसाइटी के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक गिरा कैसे और इसके पीछे कोई साजिश या झगड़ा तो नहीं था।

पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचना दे दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। नोएडा जोन के एडिशनल डीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है और हर एंगल से जांच जारी है। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर हाईराइज सोसाइटियों की सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध पार्टी कल्चर पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img