Mental Stress: नोएडा में मानसिक तनाव के बीच दो महिलाओं समेत तीन ने दी जान, 14वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत
नोएडा। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मानसिक तनाव और अन्य परिस्थितियों के बीच कई लोगों की मौत के मामले सामने आए हैं। छलेरा में एक महिला और भूड़ा कॉलोनी में एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। हरौला में एक किशोरी ने भी आत्महत्या कर ली। वहीं, दो महिलाओं की जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। दादरी की गौर अतुल्यम सोसाइटी में 14वीं मंजिल से गिरने के बाद एक युवक की मौत हो गई। सेक्टर-135 में एक बुजुर्ग की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के छलेरा गांव में 30 वर्षीय अंकिता उपाध्याय ने शुक्रवार सुबह अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना की जानकारी महिला के मायके पक्ष को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष की ओर से शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फेस-2 थाना क्षेत्र की भूड़ा कॉलोनी में रहने वाले 23 वर्षीय भारत सिंह ने भी शुक्रवार सुबह अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सेक्टर-83 निवासी 30 वर्षीय विनीता ने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया। इलाज के दौरान विनीता की मौत हो गई।
इसी तरह सेक्टर-20 थाना क्षेत्र की रहने वाली 28 वर्षीय अंगिका ने भी अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फेस-1 थाना क्षेत्र के हरौला गांव में अपने पिता के साथ रहने वाली 17 वर्षीय सुनीता ने बृहस्पतिवार रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक पुलिस जांच में उसके मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है।
दादरी थाना क्षेत्र की गौर अतुल्यम सोसाइटी में 25 वर्षीय लक्ष्य तिवारी अपने फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गए। वह 14वीं मंजिल से नीचे गिरे थे। गंभीर हालत में उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि लक्ष्य पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस उनकी मौत की परिस्थितियों और कारणों की जांच कर रही है।
इसके अलावा एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के सेक्टर-135 में 55 वर्षीय आसाराम शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


