Noida Police: एडीसीपी ने सड़क हादसे में घायल बैंक कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान

Noida Police: एडीसीपी ने सड़क हादसे में घायल बैंक कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी की मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण उस समय देखने को मिला जब सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई गई। एडीसीपी मुख्यालय सुधीर कुमार ने अपनी सरकारी गाड़ी रोककर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति अब खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह एडीसीपी सुधीर कुमार अपने आवास से सरकारी वाहन द्वारा सूरजपुर स्थित कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान यामाहा कंपनी के पास सड़क किनारे लोगों की भीड़ दिखाई दी। स्थिति को गंभीर समझते हुए उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि एक युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है और दर्द से तड़प रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक बाइक से गिरकर घायल हुआ था। घटना के बाद आसपास काफी लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी उसे अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं कर रहा था। ऐसे में एडीसीपी सुधीर कुमार ने बिना समय गंवाए घायल युवक को अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाया और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।
जांच में घायल युवक की पहचान शिवम के रूप में हुई, जो बिसरख क्षेत्र का निवासी है और ग्रेटर नोएडा स्थित एक बैंक में कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। बताया गया कि वह सुबह अपनी बाइक से बैंक जा रहा था, तभी रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया। समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण उसकी जान बच गई और अब उसकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
घायल शिवम और उसके परिजनों ने समय पर सहायता पहुंचाने के लिए एडीसीपी सुधीर कुमार और गौतमबुद्ध नगर पुलिस का आभार व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों ने भी अधिकारी की तत्परता और मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उदाहरण समाज में दूसरों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करते हैं। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल की तुरंत सहायता करें और उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास करें, क्योंकि गोल्डन ऑवर के दौरान मिली मदद किसी की जान बचा सकती है।





