Noida Rain Update: 20 घंटे की बारिश के बाद एक्शन में प्राधिकरण, 104 नालों की सफाई और अंडरपास से निकाला गया पानी

Noida Rain Update: 20 घंटे की बारिश के बाद एक्शन में प्राधिकरण, 104 नालों की सफाई और अंडरपास से निकाला गया पानी
नोएडा। लगातार करीब 20 घंटे तक हुई बारिश के बाद नोएडा में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। शहर के विभिन्न इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए 104 मुख्य नालों के लगभग 320 किलोमीटर हिस्से की सफाई कराई गई। इस अभियान में 42 जेसीबी, दो पोकलेन मशीनें और 102 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगाई गईं। इसके अलावा अंडरपासों और जलभराव वाले क्षेत्रों से पंपिंग सेट और जनरेटर की मदद से पानी निकाला गया ताकि यातायात प्रभावित न हो।
बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों से जलभराव की शिकायतें मिलने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने अपने सभी 10 वर्क सर्किलों की टीमों को तत्काल मैदान में उतार दिया। विभिन्न स्थानों पर जेसीबी, हाईवा, पोकलेन और अन्य मशीनों की सहायता से नालों की सफाई कर जल निकासी का कार्य तेज किया गया। अधिकारियों का कहना है कि लगातार निगरानी के कारण कई इलाकों में पानी जल्दी निकाल लिया गया और लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
अंडरपासों में जलभराव रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। सभी प्रमुख अंडरपासों पर जनरेटर और पंपिंग सेट लगाए गए, जिनकी मदद से लगातार पानी निकाला गया। इसके चलते अधिकांश स्थानों पर यातायात सामान्य बना रहा। वहीं जल विभाग ने पहले से चिन्हित 28 लो-लाइंग क्षेत्रों में डीजल पंपसेट तैनात कर दिए थे, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी समय पर होती रही और स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में रही।
बारिश के कारण कुछ स्थानों पर इमारतों के बेसमेंट में पानी भरने की शिकायतें भी सामने आईं। सूचना मिलते ही प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं और पंपों की सहायता से पानी निकालने का कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में ऐसी समस्याओं को कम करने के लिए जलनिकासी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
प्राधिकरण के अनुसार शहर के ढके हुए नालों की डी-सिल्टिंग का कार्य भी लगातार जारी है। पांच सुपर सकर मशीनों की मदद से अब तक लगभग 80 प्रतिशत डी-सिल्टिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सके।
जलभराव संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण ने 24×7 कॉल सेंटर और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी सक्रिय रखा है। नागरिक 0120-2423795 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान की कार्रवाई कर रही है। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि जलभराव या नालों से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तुरंत दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।





