Noida Nimbus Society Fight: सिक्योरिटी गार्ड और डिलीवरी बॉय में मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार

Noida Nimbus Society Fight: सिक्योरिटी गार्ड और डिलीवरी बॉय में मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार

नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र स्थित निम्बस सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड और एक डिलीवरी बॉय के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना ने सोसाइटी में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया था, वहीं मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और चर्चा में आ गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक डिलीवरी बॉय और तीन सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार शाम की है। एक डिलीवरी बॉय किसी ऑर्डर की डिलीवरी देने के लिए निम्बस सोसाइटी के मुख्य गेट पर पहुंचा था। इसी दौरान गलती से उसने किसी दूसरे फ्लैट की घंटी बजा दी। इस बात से नाराज होकर संबंधित रेजिडेंट ने सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड को सूचना दी। इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड और डिलीवरी बॉय के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए हाथापाई में बदल गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर डिलीवरी बॉय ने फोन कर अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया, जिससे झगड़ा और उग्र हो गया। सोसाइटी के मेन गेट पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान वहां मौजूद अन्य सोसाइटी निवासी और राहगीर भी सहमे नजर आए। पूरी घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बीटा-2 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। थाना बीटा-2 के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले में रोहन पुत्र मुकेश कुमार निवासी ग्राम रायपुर बांगर थाना दादरी, आकाश सिंह पुत्र पाली सिंह निवासी सवापुर थाना खैर अलीगढ़ हाल पता चुहडपुर थाना ईकोटेक-1, अभिषेक पुत्र सतीश चंद निवासी गौशगंज थाना पटयाली जिला कासगंज हाल पता चुहडपुर थाना ईकोटेक-1 और राजेश कुमार पुत्र छिद्दू सिंह निवासी ग्राम तालेपुर थाना जवा जिला अलीगढ़ हाल पता चुहडपुर थाना ईकोटेक-1 को गिरफ्तार किया गया है। सभी की उम्र 19 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img