Noida Green Belt: सेक्टर-122 के पीके ब्लॉक का उद्यान विभाग ने किया निरीक्षण, पार्क और ओपन जिम विकसित करने का दिया आश्वासन

Noida Green Belt: सेक्टर-122 के पीके ब्लॉक का उद्यान विभाग ने किया निरीक्षण, पार्क और ओपन जिम विकसित करने का दिया आश्वासन
नोएडा। सेक्टर-122 के पीके ब्लॉक में सार्वजनिक पार्क और मनोरंजन सुविधाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सेक्टर की ग्रीन बेल्ट और उपलब्ध खाली स्थानों का जायजा लिया तथा स्थानीय निवासियों को जल्द विकास कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने सेक्टर की ग्रीन बेल्ट को मास्टर ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित कर पार्क, बच्चों के खेल क्षेत्र और आधुनिक ओपन जिम बनाने की मांग दोहराई।
आरडब्ल्यूए महासचिव भूषण शर्मा ने बताया कि इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण के उप निदेशक (उद्यान) प्रशांत सिंह को ज्ञापन भी सौंपा गया। निरीक्षण के दौरान आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने अधिकारियों को बताया कि पूरे पीके ब्लॉक में बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय निवासियों के लिए एक भी सार्वजनिक पार्क उपलब्ध नहीं है। इसके कारण बच्चों को खेलने के लिए सुरक्षित स्थान नहीं मिल पा रहा है, जबकि बुजुर्गों और अन्य लोगों को सुबह-शाम सैर और व्यायाम करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
आरडब्ल्यूए ने मांग की कि मौजूदा ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यीकरण कर उसे मास्टर ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किया जाए। इसके साथ ही बच्चों के लिए झूले और अन्य खेल उपकरण लगाए जाएं तथा सभी आयु वर्ग के लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आधुनिक ओपन जिम भी स्थापित किया जाए।
भूषण शर्मा ने कहा कि यदि ग्रीन बेल्ट को विकसित कर पार्क बनाया जाता है तो बच्चों को सुरक्षित खेल का स्थान मिलेगा, वरिष्ठ नागरिकों को नियमित सैर और व्यायाम की सुविधा मिलेगी तथा पूरे क्षेत्र की सुंदरता और जीवन स्तर में भी सकारात्मक सुधार आएगा। निरीक्षण के बाद उद्यान विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य जल्द शुरू कराने का भरोसा दिलाया।





