Uttar Pradesh : हापुड़ डीएम कविता मीना ने 6 एसडीएम के कार्यभार में किया बदलाव, नए अधिकारियों ने संभाला पदभार

Hapur News : हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीना ने प्रशासनिक कार्यों को सुचारू बनाने के लिए जिले के छह उपजिलाधिकारियों के कार्यभार में फेरबदल किया है। शुक्रवार को सभी नवनियुक्त एसडीएम ने अपने नए पदों का कार्यभार ग्रहण कर लिया।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार प्रेमपाल सिंह को हापुड़ का उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। कल्पना सिंह चौहान को धौलाना का उपजिलाधिकारी बनाया गया है। अखिलेश कुमार यादव को हापुड़ का उपजिलाधिकारी न्यायिक और ऋषि राव को धौलाना का उपजिलाधिकारी न्यायिक का प्रभार सौंपा गया है।
वहीं रमेश चंद्र पांडेय को उपजिलाधिकारी न्यायिक धौलाना से स्थानांतरित कर गढ़मुक्तेश्वर का उपजिलाधिकारी न्यायिक बनाया गया है। गढ़मुक्तेश्वर में उपजिलाधिकारी न्यायिक के पद पर तैनात रेनू को अपर उपजिलाधिकारी हापुड़ की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी कविता मीना ने बताया कि यह तबादले जनहित और प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी संचालन को ध्यान में रखकर किए गए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आमजन को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
नवतैनात अधिकारियों को उनके नियमित दायित्वों के साथ संयुक्त कार्यालय, भूलेख और नजारत का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इन बदलावों से तहसील स्तर पर कामकाज में तेजी आएगी और लोगों की समस्याओं का निस्तारण बेहतर ढंग से हो सकेगा।





