Noida: छात्रावास के बाहर कार में तोड़फोड़ करने वाला युवक गिरफ्तार वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

Noida: छात्रावास के बाहर कार में तोड़फोड़ करने वाला युवक गिरफ्तार वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में एक निजी छात्रावास के बाहर कार सवार युवकों द्वारा गाली गलौज करने और डंडे से कार का शीशा तोड़ने का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में दिख रही अराजकता और छात्राओं की दहशत को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और जांच के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह वीडियो करीब छह माह पुराना है, लेकिन इसके वायरल होने के बाद अब कानूनी कार्रवाई की गई है।
वायरल वीडियो लगभग 40 सेकेंड का है, जिसमें काले रंग की कार में सवार चार युवक नशे की हालत में छात्रावास के बाहर गाली गलौज करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवक डंडे से बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़ता हुआ दिखाई देता है और बाद में वही युवक छात्रावास के मुख्य दरवाजे को भी तोड़ने की कोशिश करता है। इस पूरी घटना से छात्रावास के अंदर मौजूद छात्राएं बुरी तरह घबरा जाती हैं और वीडियो में छत पर खड़ी छात्राओं को डर के माहौल में आरोपियों से बहस करते और उनका चेहरा दिखाने की बात कहते हुए सुना जा सकता है।
हंगामे के दौरान आरोपी युवक छात्रावास को बंद कराने की धमकी भी देते हैं और इसके बाद मौके से फरार हो जाते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद नॉलेज पार्क पुलिस ने जांच शुरू की और वीडियो में गाली गलौज कर रहे मुख्य आरोपी की पहचान वोमेश पुत्र भूपेंद्र सिंह निवासी हरिया मंडी थाना बाडडा चरखी दादरी हरियाणा के रूप में की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नॉलेज पार्क प्रभारी निरीक्षक सर्वेश सिंह ने बताया कि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना करीब छह माह पुरानी है। उस समय कार सवार युवकों का छात्रावास संचालक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने हंगामा और तोड़फोड़ की थी। उस वक्त छात्रावास संचालक द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। वीडियो के अब वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित से तहरीर लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img