Noida Crime: नकली क्रॉम्पटन गीजर बेचने के आरोप में कारोबारी पर केस, 27 वाटर हीटर जब्त

Noida Crime: नकली क्रॉम्पटन गीजर बेचने के आरोप में कारोबारी पर केस, 27 वाटर हीटर जब्त
नोएडा। सेक्टर-113 कोतवाली पुलिस ने कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी के मामले में एक कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए कथित रूप से नकली ब्रांडेड गीजर का बड़ा जखीरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान क्रॉम्पटन ब्रांड के नाम पर बेचे जा रहे 27 वाटर हीटर बरामद किए गए, जिनकी तकनीकी जांच कराई जाएगी।
एफआईआर के अनुसार मुंबई स्थित एक निजी जांच एजेंसी के रीजनल हेड शाहबाज आलम ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें क्रॉम्पटन ग्रीव्स इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड की ओर से नकली उत्पाद बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार प्राप्त है। शिकायत के आधार पर 15 जुलाई को सेक्टर-72 पुलिस चौकी के सामने स्थित एक गोदाम में छापा मारा गया।
जांच के दौरान गोदाम से 15 लीटर और 25 लीटर क्षमता वाले 27 वाटर हीटर बरामद हुए, जिन पर क्रॉम्पटन ब्रांड का नाम अंकित था। टीम ने दोनों श्रेणियों से एक-एक गीजर का नमूना लेकर सील किया तथा शेष 25 गीजर पुलिस की मौजूदगी में जब्त कर लिए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बरामद उत्पाद नकली हैं और कॉपीराइट का उल्लंघन करते हुए बाजार में बेचे जा रहे थे। पुलिस ने हमीरपुर निवासी योगेंद्र राजपूत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि जब्त वाटर हीटर की तकनीकी जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





