राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में प्रसव के दौरान महिला की हालत बिगड़ी, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के फ्रीगंज रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की हालत बिगड़ने के बाद शुक्रवार को परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया।

मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला पटेल नगर निवासी करन सिंघल ने बताया कि 13 जुलाई को उन्होंने अपनी पत्नी निशी उर्फ नंदनी को फ्रीगंज रोड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। उसी दिन शाम को ऑपरेशन से उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद रात में रक्तस्राव होने के कारण महिला की हालत बिगड़ने लगी।

14 जुलाई की सुबह परिजनों ने महिला को नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि वहां चिकित्सकों ने बताया कि गलत ऑपरेशन के कारण महिला की पीठ की तीन नसें कट गई थीं, जिसकी वजह से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा है। इसके चलते महिला की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

करन सिंघल का आरोप है कि हापुड़ के चिकित्सक ने पहले नोएडा जाकर स्थिति का जायजा लेने और उपचार का खर्च वहन करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में समझौते का उल्लंघन किया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि अस्पताल में हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी और परिजनों को समझाकर शांत कराया गया। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button