Noida: शादी से इनकार से आहत युवक चढ़ा हाईटेंशन बिजली टावर पर, तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा सुरक्षित

Noida: शादी से इनकार से आहत युवक चढ़ा हाईटेंशन बिजली टावर पर, तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा सुरक्षित

नोएडा के कोतवाली दादरी क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शादी से मना किए जाने से आहत एक युवक एनटीपीसी के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। यह घटना जारचा रोड स्थित शाहपुर गांव के पास सामने आई, जहां युवक करीब 50 फुट ऊंचे टावर पर चढ़कर बैठ गया। युवक को टावर पर बैठे देख आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक का एक युवती से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। युवती द्वारा शादी से साफ इनकार किए जाने के बाद युवक मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया। इसी तनाव में वह युवती के क्षेत्र में पहुंचा और अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। टावर पर बैठने के बाद युवक ने अपने परिचितों को लोकेशन भेजनी शुरू कर दी, जिससे मामले की जानकारी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि युवक की पहचान पंकज के रूप में हुई है, जो जिला बुलंदशहर का निवासी है और ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित एक ओए होटल में नौकरी करता है। होटल में काम के दौरान ही उसकी युवती से दोस्ती हुई थी। शादी की बात पर युवती के मना करने से वह गहरे तनाव में आ गया और यह खतरनाक कदम उठा लिया।

पुलिस ने युवक को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती के पिता को भी मौके पर बुलाया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद युवक करीब तीन घंटे बाद टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हुआ। पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

युवक के नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और उसके परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि युवक से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई परिजनों को सौंपते हुए काउंसलिंग के जरिए मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भावनात्मक तनाव में उठाया गया एक गलत कदम जानलेवा साबित हो सकता है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img