Noida loot case: प्रोजेक्ट मैनेजर से कार लूट मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, दो अन्य साथी भी दबोचे गए

Noida loot case: प्रोजेक्ट मैनेजर से कार लूट मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, दो अन्य साथी भी दबोचे गए

नोएडा के थाना कासना क्षेत्र में प्रोजेक्ट मैनेजर से हुई कार लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कासना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट की घटना में शामिल दो वांछित बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि पूछताछ के आधार पर उनके दो अन्य सहयोगियों को भी बाद में दबोच लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लूटी गई स्विफ्ट कार, घटना में इस्तेमाल बाइक, अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, नकदी और लूट से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

एडीसीपी सुधीर कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 24 दिसंबर को थाना कासना में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि गांव चीरसी क्षेत्र में तीन अज्ञात बदमाशों ने उसकी स्विफ्ट कार को लूट लिया था। बदमाश कार के साथ-साथ उसका पर्स भी ले गए थे, जिसमें एटीएम कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, आधार कार्ड और लगभग 20 हजार रुपये नकद मौजूद थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

लगातार दबिश और सुरागकशी के दौरान सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि लूट में शामिल बदमाश ओमिक्रॉन प्रथम-ए की सर्विस रोड स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने संदिग्धों की घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित उर्फ मुत्तू कसाई निवासी गांव शावली, थाना सिकन्द्राबाद, जिला बुलंदशहर और शीलेन्द्र निवासी कानऊ, थाना हसायन, जिला हाथरस के रूप में हुई है। दोनों घायल आरोपियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मुठभेड़ के संबंध में थाना कासना पर आर्म्स एक्ट के तहत एक अलग मुकदमा भी दर्ज किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट कार, दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के नाम उजागर किए। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव सांवली, थाना सिकन्द्राबाद, जिला बुलंदशहर से धर्मेन्द्र यादव और अनुराग उर्फ अन्नू को गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों के पास से लूट से संबंधित अहम दस्तावेज और नकदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी अनुराग उर्फ अन्नू के पास से 430 रुपये नकद मिले हैं, जबकि धर्मेन्द्र यादव के कब्जे से बिना नंबर की यामाहा मोटरसाइकिल, पीड़ित का आधार कार्ड, पैन कार्ड, एचडीएफसी बैंक का विजा कार्ड, आईसीआईसीआई बैंक का विजा प्लेटिनम कार्ड, एसबीआई का एमटीएस कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। यह मोटरसाइकिल लूट की घटना में इस्तेमाल की गई थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य अभियुक्त अमित उर्फ मुत्तू कसाई का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर जिले में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी शीलेन्द्र और अन्य सहयोगियों के खिलाफ भी इसी लूट कांड से जुड़े मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से आगे भी पूछताछ की जा रही है, ताकि अन्य आपराधिक घटनाओं का खुलासा किया जा सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img