Noida Authority: शहर में कूड़ा मिला तो सीनियर मैनेजर होंगे जिम्मेदार, सीईओ के सख्त निर्देश
नोएडा। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने जन स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि शहर के किसी भी क्षेत्र में कूड़ा मिलने पर संबंधित वर्क सर्कल के सीनियर मैनेजर (एसएम) को सीधे जिम्मेदार माना जाएगा।
बैठक में नालों की सफाई, सड़कों की स्थिति और लंबित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सीईओ ने शहर में जगह-जगह कूड़ा मिलने और नालों की समय पर सफाई न होने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव रोकने के लिए सभी नालों की सफाई जल्द पूरी की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। सड़क, नाले, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर कहीं भी कूड़ा दिखाई नहीं देना चाहिए। यदि निरीक्षण के दौरान किसी क्षेत्र में गंदगी मिली तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी।
आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए सीईओ ने अधिकारियों को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, कचरा निस्तारण और जनजागरूकता अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा की रैंकिंग बेहतर हो सके।
