Cyber Fraud: नोएडा में दो फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, चार साइबर ठग गिरफ्तार

Cyber Fraud: नोएडा में दो फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, चार साइबर ठग गिरफ्तार
नोएडा। थाना फेस-1 पुलिस ने ‘ऑपरेशन Cy-Vajra’ के तहत दो फर्जी कॉल सेंटरों का खुलासा करते हुए चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीमा पॉलिसी मैच्योर कराने, कम ब्याज पर लोन दिलाने और इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, कंप्यूटर, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, पेनड्राइव और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए 159 संदिग्ध बैंक खातों की जांच की गई, जिसमें 19 रेड जोन चिन्हित किए गए। एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान दोनों कॉल सेंटरों का खुलासा हुआ।
सेक्टर-6 स्थित कॉल सेंटर से तनुज कुमार गोयल और पंकज को गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी एलआईसी पॉलिसी मैच्योर कराने, अधिक क्लेम दिलाने, कम ब्याज पर लोन और क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। इनके पास से एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, 17 एटीएम कार्ड और एक चेकबुक बरामद हुई।
वहीं सेक्टर-2 में संचालित दूसरे फर्जी कॉल सेंटर से मोहित कुमार और आदेश यादव गिरफ्तार किए गए। आरोपी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं का डेटा जुटाकर उन्हें इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। फर्जी जॉब ऑफर लेटर भेजकर रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर हजारों रुपये वसूले जाते थे। पुलिस ने इनके पास से दो कंप्यूटर, आठ मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड और एक पेनड्राइव बरामद की है।
पुलिस ने दोनों मामलों में आईटी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।




