Noida Jagannath Rath Yatra: भगवान जगन्नाथ 50 फीट ऊंचे रथ पर विराजेंगे, बेंगलुरु और सिंगापुर के फूलों से होगा भव्य श्रृंगार
नोएडा। सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर की ओर से 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। इस बार रथयात्रा को विशेष रूप से आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। भगवान जगन्नाथ करीब 50 फीट ऊंचे और 20 फीट लंबे भव्य रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। रथ को बेंगलुरु और सिंगापुर से मंगाए गए गुलाब के फूलों से सजाया जाएगा।
शनिवार को इस्कॉन मंदिर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान आयोजकों ने बताया कि रथयात्रा शाम चार बजे सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे से शुरू होगी। इसके बाद यात्रा अट्टा मार्केट, डीएम चौक, नोएडा स्टेडियम सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर के सह-अध्यक्ष वंशीधर दास ने बताया कि भगवान जगन्नाथ के रथ को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कई स्थानों पर भगवान की आरती भी की जाएगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा।
रथयात्रा से पहले भगवान जगन्नाथ को पारंपरिक रूप से 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद भगवान भक्तों को रथ पर विराजमान होकर दर्शन देंगे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के लिए जलपान और प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की है।
आयोजकों का कहना है कि इस वर्ष देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है ताकि रथयात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।


