Investment News: गौतमबुद्ध नगर बना विदेशी निवेशकों की पहली पसंद – बृजेश सिंह
नोएडा। जिले के प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और तेज विकास कार्यों के चलते गौतमबुद्ध नगर अब विदेशी निवेशकों की पहली पसंद बन गया है।
प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि राज्य में माफियाओं की 4 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त या ध्वस्त की गई, जिससे निवेश के लिए सुरक्षित माहौल बना है।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़कों का निर्माण, गांवों में पेयजल आपूर्ति, सरकारी स्कूलों का कायाकल्प, किसानों की समस्याओं का समाधान और फ्लैट खरीदारों की रजिस्ट्री जैसे कई बड़े कार्य किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 977 अपराधियों पर एनएसए के तहत कार्रवाई की गई और 2.19 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई। यूपी-112 का रिस्पॉन्स टाइम घटाकर 6 मिनट कर दिया गया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 2017 में जहां केवल 2 एक्सप्रेसवे थे, अब 22 एक्सप्रेसवे पर काम चल रहा है। इसके अलावा राज्य में 16 एयरपोर्ट संचालित हैं और 8 निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट प्रदेश में स्थापित की जा रही है और 7 शहरों में मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है।
प्रदेश सरकार ने 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए लगातार औद्योगिक निवेश और बुनियादी ढांचे पर काम किया जा रहा है।
इस मौके पर नरेंद्र भाटी, धीरेंद्र सिंह, तेजपाल नागर, अमित चौधरी, अभिषेक शर्मा, महेश चौहान और मेधा रूपम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

