उत्तर प्रदेशराज्य

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली विशेष उड़ान में 170 किसान लखनऊ जाएंगे, मुख्यमंत्री योगी से करेंगे संवाद

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली विशेष उड़ान में 170 किसान लखनऊ जाएंगे, मुख्यमंत्री योगी से करेंगे संवाद

नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन की शुरुआत के साथ ही जेवर क्षेत्र के किसानों को एक विशेष सौगात मिलने जा रही है। एयरपोर्ट से पहली विशेष उड़ान में क्षेत्र के 170 किसान, जिनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं, सोमवार को लखनऊ की यात्रा करेंगे। इस दौरान किसानों का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के साथ संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। जेवर विधायक Dhirendra Singh ने बताया कि इस विशेष यात्रा में उन किसान परिवारों को शामिल किया गया है, जिन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन दी थी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने क्षेत्र के विकास और देश की महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजना के लिए अपनी भूमि समर्पित की, उन्हें इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार किसानों को लेकर जाने वाली 180 सीटों की विशेष उड़ान सोमवार सुबह करीब 8 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना होगी। लखनऊ पहुंचने के बाद किसान मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वही विमान शाम करीब 4 बजे किसानों को वापस जेवर लेकर लौटेगा। यह पहली विशेष उड़ान स्थानीय किसानों को समर्पित की गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों का इस महत्वाकांक्षी परियोजना से भावनात्मक और सामाजिक जुड़ाव और मजबूत हो सके। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण छह गांवों की लगभग 1334 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया गया है। इस चरण में रोही, नंगला गणेशी, नंगला छीतर, नंगला शरीफ खां, रन्हेरा, बनवारी बांस और दयानतपुर गांवों के किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई। इसके लिए करीब तीन हजार किसानों से 1239.14 हेक्टेयर जमीन ली गई, जिसके बदले लगभग 3688.40 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया। वहीं एयरपोर्ट के दूसरे चरण के लिए रन्हेरा, कुरैब, करौली बांगर, बीमरपुर, मुढरह और नंगला हुकुम सिंह सहित कई गांवों के करीब चार हजार किसानों से 1181.27 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई। इसके बदले किसानों को लगभग 4328 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया। इसके अतिरिक्त करीब 800 किसानों को उनकी परिसंपत्तियों और निर्माण कार्यों के बदले 305 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया। नंगला शरीफ खां गांव के किसान बुंदु ने बताया कि एयरपोर्ट परियोजना के लिए उनकी लगभग छह बीघा जमीन गई थी। बदले में उन्हें 1.30 करोड़ रुपये का मुआवजा मिला, जिससे उन्होंने टप्पल और हरियाणा में लगभग 15 बीघा जमीन खरीदी तथा कुछ प्लॉट भी लिए। रोही गांव के किसान तेजपाल सिंह का कहना है कि नोएडा एयरपोर्ट ने पूरे जेवर क्षेत्र को नई पहचान दी है। अब यह इलाका राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना जाने लगा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उद्योगों का आगमन बढ़ रहा है और कई नई परियोजनाओं के आने से गांवों का जीवन स्तर पहले की तुलना में काफी बेहतर हुआ है। किशोरपुर गांव के किसान सुभाष ने कहा कि यह परियोजना केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। एयरपोर्ट के कारण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं और क्षेत्र के विकास की रफ्तार तेज हुई है। उनका मानना है कि एयरपोर्ट परियोजना ने किसानों और ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।

Related Articles

Back to top button