Noida Housing: नोएडा में 10 साल बाद भी हजारों परिवारों को नहीं मिला मालिकाना हक

Noida Housing: नोएडा में 10 साल बाद भी हजारों परिवारों को नहीं मिला मालिकाना हक
नोएडा। गोल्फ सिटी और प्लॉट-8 जैसी प्रमुख आवासीय परियोजनाओं के करीब एक हजार परिवार पिछले 10 वर्षों से अपने फ्लैटों की रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे हैं। निवासी आरोप लगा रहे हैं कि बिल्डर ने प्राधिकरण में बकाया राशि जमा नहीं कराई, जिसके चलते रजिस्ट्री अटकी हुई है और उन्हें कानूनन मालिकाना हक नहीं मिल पाया।
फ्लैट खरीदारों के अनुसार, उन्होंने साल 2016 में पूरी कीमत अदा कर फ्लैट का कब्जा ले लिया था, लेकिन अब तक संपत्ति उनके नाम दर्ज नहीं हुई। रजिस्ट्री न होने से बैंक लोन, संपत्ति हस्तांतरण और अन्य कानूनी कामकाज में समस्याएं आ रही हैं। कई परिवार बार-बार प्राधिकरण और बिल्डर के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं मिला।
सेक्टर-78 स्थित एसोटेक विंस्डर कोर्ट और अन्य सोसाइटियों में भी प्राधिकरण की देनदारी के चलते रजिस्ट्री लंबित है। नॉर्थआई के फ्लैट खरीदारों ने बताया कि उन्होंने लगभग दस साल पहले फ्लैट खरीदा था, लेकिन अब तक उन्हें आशियाना तक नहीं मिल सका। अधूरे फ्लैटों के कारण वे दूसरी जगह किराये पर रहने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से विशेष पहल कर राहत देने की मांग की है।



