Noida factory fire: नोएडा की गारमेंट फैक्ट्रियों में भीषण आग, 16 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
नोएडा के सेक्टर-63 स्थित दो गारमेंट फैक्ट्रियों में शनिवार दोपहर भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग Eagle Business Corporation और Shaurya Export नाम की फैक्ट्रियों में लगी, जिसके बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर से काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया।
जानकारी के मुताबिक आग सेक्टर-63 के डी-140 स्थित इगल बिजनेस कॉरपोरेशन के ग्राउंड फ्लोर पर बने सेटबैक एरिया में लगी थी। शुरुआती जांच में एसी में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। इसी जगह कंपनी का जनरेटर और गोदाम भी मौजूद था, जहां बड़ी मात्रा में कपड़ा और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पास की दूसरी फैक्ट्री डी-139 स्थित शौर्य एक्सपोर्ट तक पहुंच गई।
दोनों फैक्ट्रियों में गारमेंट निर्माण का काम होता था, जिसके कारण कपड़े और अन्य सामग्री ने आग को तेजी से फैलाने का काम किया। आग लगने की सूचना मिलते ही फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों और स्टाफ को तुरंत बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि किसी कर्मचारी के अंदर फंसे होने की सूचना नहीं मिली और कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड ने दमकल विभाग और पुलिस को दी। इसके बाद दमकल विभाग ने एक के बाद एक कुल 16 फायर टेंडर मौके पर भेजे। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू और फायर ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों ने आसपास की इमारतों पर भी लगातार पानी का छिड़काव किया ताकि आग अन्य फैक्ट्रियों तक न पहुंचे।
आग के कारण फैक्ट्री में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग की चपेट में पास की एक अन्य कंपनी भी आ गई, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट और जनरेटर के पास आग भड़कने की संभावना मानी जा रही है। देर रात तक दमकल विभाग की टीमें कूलिंग ऑपरेशन में जुटी रहीं ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे।



